shatabhisha nakshatra me janme log। शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोग कैसे होते हैं
Shatbisha Nakshatra In Hindi: ज्योतिष में जन्म नक्षत्र का इंसान के स्वभाव, सोच, फैसलों और जीवन की दिशा पर गहरा असर माना जाता है. अकसर हम देखते हैं कि कुछ लोग बहुत भावुक होते हैं, तो कुछ बेहद व्यवहारिक, कोई जल्दी घुल-मिल जाता है तो कोई खुद में रहना पसंद करता है. इन सब बातों के पीछे जन्म नक्षत्र की भूमिका अहम मानी जाती है. जब किसी व्यक्ति का जन्म होता है, उस समय चंद्रमा जिस नक्षत्र में मौजूद होता है, वही उसका जन्म नक्षत्र कहलाता है. आज हम बात कर रहे हैं शतभिषा नक्षत्र की, जो अपने आप में रहस्यमयी और अलग स्वभाव वाला नक्षत्र माना जाता है. इस नक्षत्र में जन्मे लोग बाहर से भले ही मजबूत और शांत दिखें, लेकिन अंदर से काफी संवेदनशील और भावुक होते हैं. ये लोग सोचने-समझने में समय लेते हैं, लेकिन जब किसी नतीजे पर पहुंचते हैं तो पूरी मजबूती के साथ खड़े रहते हैं. इस लेख में हम जानेंगे कि शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोग कैसे होते हैं, उनके व्यक्तित्व की खास बातें क्या हैं, करियर में उन्हें किन क्षेत्रों में सफलता मिल सकती है और रिश्तों में उनका स्वभाव कैसा रहता है.
शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोगों पर ग्रहों का प्रभाव
शतभिषा नक्षत्र 27 नक्षत्रों में से एक है और इसका स्वामी छाया ग्रह राहु माना जाता है. राहु के असर के कारण इस नक्षत्र में जन्मे लोग कई बार उलझन में दिखते हैं. एक ही बात को लेकर ये लोग ज्यादा सोचते हैं, जिससे कन्फ्यूजन पैदा हो जाती है. शतभिषा नक्षत्र कुंभ राशि में आता है, इसलिए इस पर शनि ग्रह का भी मजबूत असर रहता है. शनि के प्रभाव से ये लोग मेहनती, जिम्मेदार और अनुशासित होते हैं. इन्हें सफलता अकसर देर से मिलती है, लेकिन जब मिलती है तो स्थायी होती है. इस नक्षत्र के देवता वरुण देव माने जाते हैं, जो जल और सत्य से जुड़े हुए हैं. इसी कारण शतभिषा नक्षत्र के जातक सच बोलने वाले और अंदर से साफ दिल के होते हैं.
शतभिषा नक्षत्र में जन्मे जातक कैसे होते हैं
शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोग काफी भावुक और संवेदनशील होते हैं. ये बाहर से मजबूत दिखते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर छोटी बातों से भी प्रभावित हो जाते हैं. ये लोग किसी पर भरोसा जल्दी नहीं करते, लेकिन जब कर लेते हैं तो पूरी ईमानदारी से निभाते हैं. इनका झुकाव अध्यात्म और धार्मिक चीजों की तरफ होता है. अकेले रहकर सोचना, खुद को समझना और जीवन के गहरे मतलब तलाशना इन्हें पसंद होता है. इनके दोस्त कम होते हैं, लेकिन जो होते हैं, लंबे समय तक साथ निभाते हैं. दूसरों की मदद करना इनके स्वभाव में होता है. किसी की परेशानी देखकर ये खुद को रोक नहीं पाते और आगे बढ़कर सहयोग करते हैं.
शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोगों का करियर
-करियर के मामले में शतभिषा नक्षत्र के जातकों को शुरुआत में काफी संघर्ष करना पड़ता है. कई बार इन्हें सही दिशा मिलने में समय लगता है, लेकिन मेहनत और धैर्य के दम पर ये आगे बढ़ते हैं.
-एस्ट्रोलॉजी, मनोविज्ञान, रिसर्च, शिक्षा, चिकित्सा और विज्ञान से जुड़े क्षेत्र इनके लिए अच्छे माने जाते हैं. इनका दिमाग तेज होता है और चीजों को गहराई से समझने की क्षमता होती है.
-शिक्षक, डॉक्टर, काउंसलर, वैज्ञानिक या रिसर्च से जुड़े कामों में ये अच्छा नाम कमा सकते हैं. समय के साथ इनकी पहचान बनती है और लोग इनकी सलाह को महत्व देने लगते हैं.
शतभिषा नक्षत्र में जन्मे लोगों का रिश्ता और पारिवारिक जीवन
-पारिवारिक जीवन में शतभिषा नक्षत्र के जातकों को उतार-चढ़ाव देखने पड़ते हैं. ये लोग मां के ज्यादा करीब होते हैं और उनसे भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं. पिता से सहयोग मिलता है, लेकिन विचारों में मतभेद भी हो सकते हैं.
-वैवाहिक जीवन में कभी-कभी अस्थिरता आ सकती है, खासकर जब ये अपने मन की बात खुलकर नहीं कह पाते. महिला जातक परिवार से जुड़ी रहती हैं और पति व बच्चों के लिए काफी समर्पित होती हैं, अगर संवाद बना रहे, तो रिश्ते मजबूत हो सकते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)