‘ओ रोमियो’ में गालियां देने के लिए कैसे मानीं फरीदा जलाल? विशाल भारद्वाज बोले- उनके किरदार के लिए जरूरी था

Share to your loved once


नई दिल्ली. विशाल भारद्वाज अपनी नई फिल्म ओ रोमियो लेकर आ रहे हैं. इसमें शाहिद कपूर लीड रोल में नजर आएंगे. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जो लोगों को खूब पसंद आया. कुछ दिनों पहले ही रिलीज हुए टीजर में फरीदा जलाल का भी सीन था, जिसमें वह गाली देती नजर आईं. देखते ही देखते यह सीन वायरल हो गया. हाल ही में मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान विशाल ने फरीदा जलाल के गाली देने वाले सीन को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने हिंदी सिनेमा की सबसे प्यारी दादी फरीदा जलाल को फिल्म में गालियां देने के लिए मनाया था.

विशाल भारद्वाज ने बताया, ‘ शुरुआत में मैंने फरीदा जी को साफ कह दिया था कि एक सीन में उन्हें ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना होगा, जिसे समाज में अच्छा नहीं माना जाता. उन्होंने फौरन पूछा कि क्या वो शब्द बहुत ज्यादा खराब हैं? इस पर मैंने उन्हें समझाया कि भाषा चाहे जो भी हो, उस किरदार की मजबूती दिखाने के लिए वो शब्द बेहद जरूरी हैं.’

फरीदा जलाल ने ‘ओ रोमियो’ के लिए क्यों भरी हामी?

उन्होंने फरीदा जलाल और शाहिद कपूर के किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, ‘फिल्म में शाहिद का किरदार ऐसा है जिससे पूरा शहर और यहां तक कि अंडरवर्ल्ड भी कांपता है. लेकिन अपनी दादी के सामने वो पूरी तरह बेबस है. दादी इकलौती ऐसी शख्सियत हैं जो उसे पूरी तरह कंट्रोल कर सकती हैं. बस यही बात फरीदा जी को समझ आ गई और उन्होंने इस चैलेंजिंग रोल के लिए हां कह दी.’

विशाल भारद्वाज ने की फरीदा जलाल की तारीफ

डायरेक्टर ने फरीदा जलाल की तारीफ करते हुए कहा, ‘उन्होंने उन डायलॉग्स को इतनी शिद्दत और पावर के साथ बोला कि वो सीन सोशल मीडिया पर देखते ही देखते वायरल हो गया. सच तो यह है कि शूटिंग के दौरान हमने उनसे काफी इंतजार करवाया, जो उनके लिए काफी थका देने वाला और मुश्किल था, लेकिन हम उनके बहुत शुक्रगुजार हैं कि वो हमारी फिल्म का हिस्सा बनीं.

सीन को लेकर असमंजस में थीं फरीदा जलाल

इस मामले पर कुछ समय पहले ही फरीदा जलाल ने जूम से बात की थी. उन्होंने कहा, ‘मुझे तो समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या बोलूं? मैं इस बात से ही बहुत खुश थी कि विशाल मेरे सामने बैठे हैं और मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिल रहा है. अब नहीं रहने दीजिए, छोड़ दीजिए जैसा कुछ बोलकर मैं उन्हें मना तो नहीं करने वाली थी. आखिर जिस डायरेक्टर के साथ काम करने का मेरा बरसों का सपना था, वो खुद मेरे सामने था.

गंदी गालियां देने से फरीदा जलाल ने कर दिया था मना

उन्होंने आगे बताया, ‘मैंने बस उनसे एक ही बात कही- देखो भाई, बहुत गंदी और भद्दी गालियां मैं नहीं दूंगी हां, अगर कोई छोटी-मोटी या मामूली सी बात हो, तो मैं बोल सकती हूं. वैसे मेरे हिसाब से वो शब्द उतने भी बुरे नहीं थे, लेकिन मैंने साफ कर दिया था कि मां-बहन वाली गालियां तो मेरी जुबान पर नहीं आएंगी. मेरी ये बात सुनकर विशाल हंसने लगे, वो मेरी मर्यादा और संकोच को अच्छी तरह समझ गए थे.’

इस दिन रिलीज होगी शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’

बताते चलें कि ‘ओ रोमियो’ के जरिए करीब आठ साल बाद विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर साथ वापसी कर रहे हैं. इससे पहले ये जोड़ी ‘कमीने’ (2009), ‘हैदर’ (2014) और ‘रंगून’ (2017) जैसी फिल्मों में अपना कमाल दिखा चुकी है. इतना ही नहीं, तृप्ति डिमरी भी पहली बार विशाल और शाहिद के साथ इस फिल्म में नजर आएंगी. ‘ओ रोमियो’ एक एक्शन थ्रिलर है और यह 14 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP