24 घंटे का समय… बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को आईसीसी से चमत्कार की उम्मीद, बीसीबी बोला- विश्व कप कौन नहीं खेलना चाहता
Last Updated:
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम आईसीसी से चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं. आईसीसी ने साफ तौर पर कह दिया है कि टी20 वर्ल्ड कप के मैच जो बांग्लादेश को भारत में खेलने हैं वो तय समय के मुताबिक भारत में ही खेले जाएंगे. जबकि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कहा है कि उसके विश्व कप के सभी मैच जो भारत में होने हैं उन्हें श्रीलंका में श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को फैसला 24 घंटे के भीतर करना है. नई दिल्ली. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि अगर आईसीसी अपना फैसला बदल दे और बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर शिफ्ट कर दे, तो उनकी टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भाग ले सकती है. बीसीबी की ओर से यह घोषणा आईसीसी द्वारा बांग्लादेश के मैचों के आयोजन स्थल को स्थानांतरित करने के अनुरोध को खारिज करने के कुछ घंटों बाद आई. क्योंकि आईसीसी बोर्ड के दो सदस्यों को छोड़कर बाकी सभी सदस्यों ने बांग्लादेश के अनुरोध के खिलाफ वोट किया है.जिन दो ने बांग्लादेश के लिए वोट किया है उनमें बांग्लादेश और दूसरा पाकिस्तान है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा अंतिम समय में दिखाई गई एकजुटता का भी आईसीसी पर कोई असर नहीं हुआ. आईसीसी बोर्ड ने बांग्लादेश को एक आखिरी मौका दिया है. उसे एक दिन का और समय दिया गया है कि उसे भारत में खेलना है या नहीं. अगर बांग्लादेश ने गुरुवार को इनकार किया तो आईसीसी उसकी जगह स्क्वॉटलैंड को विश्व कप में खिलाएगी. क्योंकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने मैचों के आयोजन स्थल को स्थानांतरित करने की अपनी मांग पर अड़ा हुआ है.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को फैसला 24 घंटे के भीतर करना है.
बांग्लादेश के पास 24 घंटे का समय
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पास 7 फरवरी से 8 मार्च तक होने वाले विश्व कप के लिए भारत जाने या न जाने का फैसला करने के लिए 24 घंटे का समय है. यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो आईसीसी उनकी जगह किसी अन्य देश को शामिल कर लेगा. बीसीबी को अपनी सरकार से दोबारा संपर्क करना होगा, जो भारत में होने वाले इस प्रतिष्ठित आयोजन में भाग लेने के संबंध में अपना रुख बदलने को तैयार नहीं है. वे अगले कुछ घंटों में अंतिम निर्णय लेंगे. यदि बांग्लादेश समय सीमा का पालन करने में विफल रहता है, तो स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में बांग्लादेश की जगह लेने की प्रबल संभावना है.
‘मैं आईसीसी से चमत्कार की उम्मीद कर रहा हूं’
अमीनुल इस्लाम ने कहा, ‘मैं आईसीसी से चमत्कार की उम्मीद कर रहा हूं. विश्व कप कौन नहीं खेलना चाहता?’ उन्होंने आगे कहा, ‘आईसीसी की प्रेस विज्ञप्ति के बाद हम वास्तव में कोई टिप्पणी नहीं कर सकते. बैठक डेढ़ घंटे तक चली. वोटिंग शुरू होने से पहले हमने आईसीसी बोर्ड को अपने फैसले के कारण बताए. हम वोटिंग में शामिल नहीं होना चाहते थे. हम पीछे हट गए.’ बांग्लादेश के खिलाड़ी विश्व कप खेलना चाहते हैं. बांग्लादेश सरकार भी चाहती है कि बांग्लादेश विश्व कप खेले. लेकिन हमें नहीं लगता कि भारत हमारे खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित है.’
‘मैं सरकार पर दबाव नहीं डालना चाहता’
बीसीबी के प्रेसिडेंट ने आगे कहा,’ हमने उनसे मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित करने का अनुरोध किया. हमने कहा कि हम आयरलैंड या जिम्बाब्वे के साथ अदला-बदली कर सकते हैं. यह सबसे आसान तरीका होता. लेकिन श्रीलंका ने कहा कि हम अपने ग्रुप में कोई नई टीम नहीं चाहते. वोटिंग के बाद मैंने उनसे कहा कि मुझे अपनी सरकार से बात करने का एक आखिरी मौका चाहिए. उन्होंने कहा कि यह एक जायज मुद्दा है, और मुझे 24 या 48 घंटे का समय दिया ताकि मैं उन्हें जवाब दे सकूं. मैं सरकार पर दबाव नहीं डालना चाहता. हम जानते हैं कि भारत हमारे लिए सुरक्षित नहीं है. हम अपने रुख पर कायम हैं कि हम श्रीलंका में खेलना चाहते हैं. मुझे पता है कि आईसीसी ने हमें अनुमति नहीं दी, लेकिन हम सरकार से एक बार फिर बात करेंगे. मैं सरकार की प्रतिक्रिया आईसीसी को बताऊंगा. सरकार कोई भी निर्णय लेते समय केवल खिलाड़ियों के बारे में ही नहीं, बल्कि सभी के बारे में सोचती है.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें