चांदी जैसे ही हुई 3 लाख के पार, छा गया भगवान के मुकुट पर संकट, 5 वारदातें जहां लुट गया प्रभु का दरबार
Last Updated:
Sliver Rate Sky Rocketing: देश के सराफा बाजार में चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के साथ ही मंदिरों में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. कीमती धातुओं के बढ़ते दाम अब चोरों को देवालयों की ओर आकर्षित कर रहे हैं. बदमाश रात के अंधेरे में सुरक्षा की कमी का फायदा उठाकर भगवान के चांदी के छत्र, गहने और प्राचीन मूर्तियां पार कर रहे हैं. इन वारदातों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. चलिए हम आपको ऐसी ही कुछ वारदातों के बारे में बताते हैं.

नोएडा का शिव दुर्गा मंदिर (16 अक्टूबर 2025): नोएडा के सेक्टर 12 स्थित ब्लॉक-वी के शिव दुर्गा मंदिर में 15-16 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. शातिरों ने मंदिर के ताले तोड़कर करीब 5.5 किलो चांदी के तीन छत्र और थालियां पार कर दीं. चोरी हुई चांदी की कीमत बाजार में करीब 11 लाख रुपये आंकी गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की तलाश कर रही है.

रेवाड़ी बाबा बडदेव मंदिर (7 जनवरी 2026): हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रायपुर गांव में 6-7 जनवरी की रात चोरों ने बाबा बडदेव मंदिर के ताले चटकाए. चोर मंदिर के गर्भगृह से 6 कीमती चांदी के छत्र और दानपात्र से लगभग 60 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए. सुबह जब ग्रामीण पूजा करने पहुंचे, तब चोरी का पता चला. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जयपुर लक्ष्मी नारायण मंदिर (10 दिसंबर 2025): राजस्थान की राजधानी जयपुर में 10 दिसंबर 2025 को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. यहाँ एक मंदिर के पुजारी ने ही चांदी के छत्र और नाग देवता की मूर्ति चोरी कर ली. पुलिस जांच में पता चला कि चांदी के बढ़ते दामों के लालच में आकर पुजारी ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 2 किलो चांदी बरामद की है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कैथल फल्क ऋषि मंदिर (6 जनवरी 2025): हरियाणा के कैथल जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध फल्गु तीर्थ के फल्क ऋषि मंदिर में 5-6 जनवरी 2025 की रात चोरी हुई. चोरों ने मंदिर का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और 3 विशाल चांदी के छत्र व पूजा का कीमती सामान समेट लिया. ऐतिहासिक महत्व के इस मंदिर में हुई चोरी से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है. पुलिस इलाके में नाकाबंदी कर चोरों को ढूंढ रही है.

पंचकूला खंगेसरा शिव मंदिर (3 मार्च 2025): पंचकूला के बरवाला क्षेत्र स्थित खंगेसरा गांव के प्राचीन शिव मंदिर में 2-3 मार्च 2025 की रात चोरों ने धावा बोला. चोरों ने माता की मूर्ति पर सुशोभित करीब 2 किलो वजन का चांदी का छत्र और शिवलिंग पर लगे कीमती पत्थर चुरा लिए. मंदिर के पास सुरक्षा गार्ड न होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात की. पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से फिंगरप्रिंट जुटा रही है.