Famous Food: गरमागरम लच्छे, लाजवाब दाल-मखनी और जायकेदार छोले…मुरादाबाद का ये फूड प्वाइंट बना रहा सबको दीवाना – Uttar Pradesh News
Last Updated:
Moradabad Famous Street Food: मुरादाबाद में 25 साल पुराना लच्छा पराठा अब लोगों के दिलों पर छा गया है. कुरकुरे पराठों के साथ लाजवाब दाल मखनी और मसालेदार पनीर का संगम इसे खाने वालों के लिए एक यादगार अनुभव बना देता है. यह न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि आसपास के जिलों से आने वाले फूड शौकीनों की भी पहली पसंद बन चुका है.
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश का मुरादाबाद शहर सिर्फ अपनी ‘पीतल’ की चमक के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बेमिसाल जायकों के लिए भी दुनिया भर में पहचाना जाता है. यहां की गलियों में मिलने वाले व्यंजनों की खुशबू दूर-दूर तक फैली है. इन दिनों मुरादाबाद के खान-पान के बाजार में एक खास चीज की जबरदस्त धूम है और वह है यहां का ‘स्पेशल लच्छा पराठा’. कुरकुरापन और स्वाद का ऐसा मेल कि एक बार चखने के बाद लोग अपनी उंगलियां चाटने को मजबूर हो जाते हैं. आइए जानते हैं क्या है इस लच्छा पराठे की खासियत और यह कहां मिलता है.
कंपनी बाग का मशहूर ‘रवि अमृतसरी नान’
मुरादाबाद के कंपनी बाग इलाके में स्थित ‘रवि अमृतसरी नान’ की दुकान इन दिनों स्थानीय लोगों और पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है. यहां मिलने वाला लच्छा पराठा न केवल दिखने में लजीज है, बल्कि स्वाद में भी इसका कोई मुकाबला नहीं है. दुकान के संचालक पीयूष पाल बताते हैं कि वह अपने पिता की विरासत और उनके हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं.
1999 से कायम है स्वाद की विरासत
पीयूष ने बताया कि इस काम की शुरुआत उनके पिता ने वर्ष 1999 में की थी. पिता से मिले इसी हुनर को आज पीयूष नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं. उनकी दुकान की सबसे बड़ी खासियत पराठे को तैयार करने का खास तरीका है, जिससे वह लंबे समय तक कुरकुरा बना रहता है. पीयूष के मुताबिक, शुद्धता और स्वाद ही उनकी सफलता का असली मंत्र है.
₹120 की थाली में मिलता है शाही स्वाद
यहां की एक प्लेट की कीमत मात्र 120 रुपये है. इस प्लेट में दो गरमा-गरम लच्छे पराठे परोसे जाते हैं. लेकिन असली जादू पराठे के साथ मिलने वाली तीन स्पेशल सब्जियों में है. ग्राहकों को इसके साथ छोले, मखमली दाल मखनी और जायकेदार पनीर का मिक्सर दिया जाता है. जब इन सब्जियों का स्वाद लच्छा पराठे के साथ जुबां पर पड़ता है, तो लोग इसके दीवाने हो जाते हैं.
जोमैटो पर भी उपलब्ध
इस लच्छा पराठे की लोकप्रियता का आलम यह है कि केवल मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि रामपुर और आसपास के कई जिलों से लोग खास तौर पर यहां खाने आते हैं. पीयूष के पास वैरायटी की कोई कमी नहीं है, लेकिन फिलहाल लच्छा पराठा सबकी डिमांड में टॉप पर है. जो लोग दुकान तक नहीं आ सकते, वे Zomato के जरिए घर बैठे भी इसका लुत्फ उठा सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें