RCB in Playoffs: आरसीबी के आगे गुजरात ने दूसरी बार भी टेके घुटने, लगातार 5 जीत के साथ प्लेऑफ में मंधाना की टीम
Last Updated:
RCB Qualifies into Playoffs of WPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग 2026 में अजेय रहते हुए प्लेऑफ में जगह बना ली है. वडोदरा में हुए मुकाबले में स्मृति मंधाना की साइड ने गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराया और इसी के साथ इस सीजन प्लेऑफ में एंट्री मारने वाली पहली टीम बन गई. आरसीबी की यह लगातार पांचवीं जीत है. बेंगलुरु ने गुजरात को सीजन में दूसरी बार हराया.
प्लेऑफ में पहुंची आरसीबीनई दिल्ली. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग (2026) में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अजेय रहते हुए प्लेऑफ में भी जगह बना ली. गुजरात जायंट्स को सीजन के 12वें मुकाबले में 61 रन से शिकस्त देकर आरसीबी प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. यह गुजरात के खिलाफ आरसीबी की इस सीजन में दूसरी जीत है. आरसीबी ने इस सीजन में अब तक पांच मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है. आरसीबी 10 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है.
61 रन से जीता मुकाबला
वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 178/6 रन का स्कोर बोर्ड पर लगाया था. जवाब में गुजरात की शुरुआत में ही पारी ताश के पत्तों की तरफ ढह गई, जिससे टीम 117/8 रन तक ही पहुंच पाई. आरसीबी के गेंदबाजों का सिर्फ गुजरात की कप्तान एश्ले गार्डनर ही सामना कर पाईं, जिन्होंने 54 रन बनाए. बाकी बल्लेबाज आते-जाते रहे. गुजरात के शुरुआती तीन विकेट सिर्फ 5 रन पर ही गिर गए थे, जिसके बाद उसका स्कोर 56 रन पर 6 विकेट हो गया. इस स्थिति के बाद गुजरात की टीम वापसी नहीं कर पाई और सीजन का अपना तीसरा मुकाबला हार गई.
प्लेऑफ में पहुंची आरसीबी
गौतमी ने ठोका शानदार अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए गौतमी नाईक के जुझारू अर्धशतक की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने छह विकेट पर 178 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया. आरसीबी की शुरूआत अच्छी नहीं रही. पहले ओवर में ग्रेस हैरिस और दूसरे ओवर में जॉर्जिया वोल पवेलियन लौट गए जब स्कोर 9 रन ही था. पिछले मैच में 96 रन बनाने वाली कप्तान स्मृति मंधाना (23 गेंद में 26 रन) ने नाईक के साथ तीसरे विकेट के लिये 60 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला. हालांकि, गुजरात की कप्तान एश्ले गार्डनर ने मंधाना को LBW आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा.
इसके बाद नाईक ने 55 गेंद की अपनी पारी में सात चौकों और एक छक्के के साथ 73 रन बनाये. उन्होंने ऋचा घोष के साथ चौथे विकेट के लिये 69 रन जोड़े. ऋचा ने 20 गेंद में 27 रन का योगदान दिया जिसमें तीन छक्के शामिल थे. राधा यादव ने आखिर में आठ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 17 रन बनाये. गुजरात जाइंट्स के लिये काशवी गौतम और गार्डनर ने दो दो विकेट लिये जबकि सोफी डेवाइन और रेणुका सिंह को एक एक विकेट मिला.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें