Operation Mule Hunt | Digital Arrest Scam | Mule Bank Accounts – डिजिटल अरेस्ट स्कैम का काला सच: युवा बने म्यूल, पुलिस ने दबोचा नेटवर्क
Last Updated:
Crime News: चंडीगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी डिजिटल अरेस्ट और पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड में शामिल थे.

चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 7 आरोपी चंडीगढ़ और 2 आरोपी मोहाली से पकड़े गए हैं.
चंडीगढ़ की एसपी साइबर क्राइम गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 20 से 26 वर्ष के बीच है. सभी आरोपी +2 पास या ग्रेजुएट हैं और जानबूझकर अपने बैंक खातों को साइबर ठगी के लिए किराए पर उपलब्ध करा रहे थे. मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
म्यूल अकाउंट्स से हो रही थी ठगी
जांच में सामने आया है कि आरोपी बड़े पैमाने पर म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे थे. इन खातों के जरिए डिजिटल अरेस्ट स्कैम और पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड जैसी ठगी को अंजाम दिया जाता था. ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर उसका स्रोत छिपाया जाता था, ताकि कानून एजेंसियों की नजर से बचा जा सके.
क्रिप्टोकरेंसी में बदली जा रही थी रकम
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक आरोपी ठगी से मिली रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदल रहा था। इसके लिए बाइनेंस ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, अन्य आरोपियों को उनके खातों के इस्तेमाल के बदले कमीशन दिया जाता था।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
एसपी गीतांजलि खंडेलवाल ने कहा कि यह एक संगठित साइबर क्राइम नेटवर्क है, जिसकी जड़ें और भी गहरी हो सकती हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क के पीछे मौजूद मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने देश के किन-किन हिस्सों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया.
चंडीगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेज या डिजिटल वॉलेट किसी को भी इस्तेमाल के लिए न दें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें.