India vs New Zealand 3rd ODI: न्यूजीलैंड ने भारत को तीसरे ODI में हराकर जीती सीरीज, जानें मैच में कब-क्या हुआ?
India vs New Zealand 3rd ODI: न्यूजीलैंड ने भारत को तीसरे वनडे में 41 रन से शिकस्त देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है. इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब न्यूजीलैंड ने भारत को उसी के घर में आकर वनडे सीरीज में शिकस्त दी. 348 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने आखिरी ओवरों तक भारत को जिताने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं रहे. विराट कोहली ने 124 रन, हर्षित राणा ने 52 और नीतीश रेड्डी ने 53 रन की पारियां खेलकर टीम इंडिया की उम्मीदें जिंदा जरूर रखीं, लेकिन अंत में नतीजा कीवी टीम के पक्ष में गया. भारत की पारी 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई. न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स (106) और डेरिल मिचेल (137) ने शतक जड़कर न्यूजीलैंड को 337 रन के विशाल लक्ष्य तक पहुंचाया.
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल के शतक और दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकॉर्ड 219 रन की साझेदारी से न्यूजीलैंड ने आठ विकेट खोकर 337 रन बोर्ड पर लगाए. फिलिप्स ने 88 गेंदों में 106 रन बनाए, जबकि मिचेल ने 137 रन की पारी खेली. अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने शानदार शुरुआत दिलाते हुए न्यूजीलैंड का स्कोर 5/2 कर दिया. हालांकि, इसके बाद मिचेल-फिलिप्स ने खूंटा गाड़ दिया और टीम के स्कोर को 300 रन के पारी पहुंचाने में मदद की. इनके अलावा विल यंग ने 30 रन बनाए. कप्तान माइकल ब्रेसवेल 28 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट लिए. मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला.
भारत की शुरुआत खराब रही थे. रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के रूप में भारत 71 रन पर चार विकेट खो चुका था. विराट कोहली ने एक तरफ खूंटा गाड़कर बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोका, लेकिन वह अंत में अकेले पड़ गए. उनका विकेट गिरने के साथ ही भारत की उम्मीदें भी धराशायी हो गईं.
भारत की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, मिचेल हे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमीसन, जैक फॉल्क्स, जेडन लेनॉक्स
January 18, 202621:41 IST
Ind vs NZ Live Update: भारत की आखिरी उम्मीद खत्म, कोहली आउट
विराट कोहली 124 रन बनाकर आउट हो गए हैं. इसी के साथ भारत की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई है. भारत को 292 रन के स्कोर पर यह नौवां झटका लगा है. उन्हें क्रिश्चियन कलार्क ने डेरिल मिचेल के हाथों कैच आउट कराया.
January 18, 202621:41 IST
Ind vs NZ Live Update: न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीता मैच
338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी 296 रन पर सिमट गई है, जिससे कीवी टीम ने यह मुकाबला 41 रन से नाम किया. इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 जीत दर्ज की. ऐसा पहली बार हुआ है, जब न्यूजीलैंड ने भारत को उसी के घर में वनडे सीरीज में शिकस्त दी. विराट कोहली (124), हर्षित राणा (52) और नीतीश रेड्डी (53) ने टीम इंडिया को जीत दिलाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन अंत में जीत मेहमानों की हुई.
January 18, 202621:18 IST
Ind vs NZ Live Update: तूफानी फिफ्टी जड़कर हर्षित आउट, भारत को बड़ा झटका
भारत ने हर्षित राणा का विकट गंवा दिया है. हर्षित तूफानी बैटिंग करते हुए भारत को विराट कोहली के साथ मिलकर जीत के करीब ले जा रहे थे. हर्षित 52 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 43 गेंदों में यह पारी खेली. हर्षित की पारी में चार छक्के और चार चौके शामिल रहे. हर्षित के विकेट के बाद भारत को एक और झटका लगा है. क्रीज पर मोहम्मद सिराज भी चलते बने. इसी के साथ भारत ने आठ विकेट खो दिए हैं. विराट कोहली 114 रन बनाकर क्रीज पर हैं. उनपर ही जीत दिलाने की उम्मीदें हैं.
January 18, 202621:01 IST
Ind vs NZ Live Update: विराट कोहली ने ठोका 54वां वनडे शतक
विराट कोहली ने वनडे इंटरनेशनल में 54वां शतक लगाया है. 40 वें ओवर की आखिरी गेंद पर डबल लेकर कोहली ने सेंचुरी पूरी की. इंटरनेशनल क्रिकेट में कोहली का यह 85वां सैकड़ा है. कोहली ने 91 गेंदों में 100 रन बनाए. उनके इस शतक ने भारत की इस मैच में जीत की उम्मीदें भी कायम रखी हैं. भारत का स्कोर 230/6 है. जीत के लिए आखिरी 10 ओवर में भारत को 108 रन की दरकार है. हर्षित राणा कोहली का बखूबी साथ निभा रहे हैं.
January 18, 202620:44 IST
Ind vs NZ Live Update: शतक के करीब विराट, भारत 200 रन के पार
भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है. विराट कोहली शतक के करीब पहुंच चुके हैं. वह 90 रन पर नाबाद हैं. उनकी इस पारी ने भारत की जीत की उम्मीदें जिंदा रखी हैं. विराट कोहली का साथ हर्षित राणा दे रहे हैं, जिन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स लगाकर 16 रन बना लिए हैं.
January 18, 202620:27 IST
Ind vs NZ Live Update: मुश्किल में भारत, छठा विकेट गिरा
रवींद्र जडेजा के रूप में भारत को छठा झटका लगा है. जडेजा 12 रन बनाकर आउट हुए. इस विकेट ने भारत को मुश्किल में डाल दिया है. भारत की अब आखिरी उम्मीद विराट कोहली ही हैं, जो 73 रन पर नाबाद हैं. टीम इंडिया का स्कोर 181/6 है. जीत के लिए टीम को 157 रन और चाहिए.
January 18, 202620:09 IST
Ind vs NZ Live Update: 53 रन बनाकर आउट नीतीश
अर्धशतक बनाने के बाद नीतीश रेडी आउट हो गए हैं. क्रिश्चियन कलार्क की गेंद पर नीतीश विल यंग को कैच दे बैठे. नीतीश ने दो चौके और इतने ही छक्के लगाकर 53 रन बनाए. टीम इंडिया को यह पांचवां झटका लगा है. अब विराट कोहली पर ही टीम इंडिया की जीत की उम्मीदें टिकी हैं, जो अर्धशतक बनकर खेल रहे हैं. उनका साथ देने रवींद्र जडेजा आए हैं. भारत की हार-जीत का फैसला इस जोड़ी पर ही निर्भर है. भारत जीत से 170 रन दूर है.
January 18, 202620:02 IST
Ind vs NZ Live Update: नीतीश ने भी ठोकी फिफ्टी
नीतीश रेड्डी ने छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया है. उनके वनडे करियर की यह पहली फिफ्टी है. नीतीश ने 52 गेंदों में यह पचासा बनाया. दूसरी ओर, कोहली शतक की तरफ बढ़ रहे हैं. कोहली 65 रन पर नाबाद हैं. दोनों की पार्टनरशिप ने भारत को रन चेज में कायम रखा है. भारत का स्कोर 159/4 है.
January 18, 202619:47 IST
Ind vs NZ Live Update: विराट कोहली ने जड़ा अर्धशतक
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में एक और अर्धशतक जड़ दिया है. कोहली ने 51 गेंदों में 50 रन पूरे किए. उनकी यह वनडे में 78वीं हाफ सेंचुरी है. वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ 17वां वनडे अर्धशतक है. कोहली के इस अर्धशतक से भारत रनचेज में बना हुआ है. उनका साथ नीतीश रेड्डी दे रहे हैं. नीतीश 33 रन पर नाबाद हैं. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है. भारत का स्कोर 128/4 है.
January 18, 202619:36 IST
Ind vs NZ Live Update: भारत का स्कोर 100 रन के पार
21 ओवर के बाद भारत का स्कोर 113/4 है. विराट कोहली अर्धशतक के करीब हैं. उनका साथ नीतीश रेड्डी दे रहे हैं. भारत को टारगेट का पीछा करना है तो इन दोनों बल्लेबाजों की बड़ी पारियां खेलनी होंगी. विराट कोहली 47 रन बनाकर क्रीज पर हैं. नीतीश 23 रन पर नाबाद हैं. भारत को जीत के लिए यहां से 225 रन चाहिए.
January 18, 202619:07 IST
Ind vs NZ Live Update: लड़खड़ाई भारत की पारी, राहुल भी आउट
भारत की पारी लड़खड़ा गई है. टीम ने 100 रन के अंदर ही चार विकेट खो दिए हैं. लगातार दो ओवर में भारत को दो झटके लगे. 12वें ओवर में श्रेयस अय्यर (3) का विकेट गिरा तो अगले ही ओवर में केएल राहुल (1) भी चलते बने. अब विराट कोहली से एक करिश्माई पारी को फैंस और टीम को उम्मीद है, जो 31 रन बनाकर खेल रहे हैं. भारत का स्कोर 71/4 है. यहां से जीत के लिए 267 रन चाहिए.
January 18, 202618:41 IST
Ind vs NZ Live Update: गिल भी हुए आउट, भारत को लगा दूसरा झटका
भारत ने पावरप्ले में दूसरा विकेट गंवा दिया है. रोहित शर्मा के बाद कप्तान शुभमन गिल पवेलियन लौट गए हैं. काइल जेमिसन ने उन्हें सातवें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड कर दिया. गिल 18 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में चार चौके शामिल रहे. भारत का स्कोर 45/2 है. क्रीज पर विराट कोहली और श्रेयस अय्यर हैं. भारत की पारी संभालने का जिम्मा अब इन्हीं दोनों बल्लेबाजों पर है.
January 18, 202618:27 IST
Ind vs NZ Live Update: भारत का पहला विकेट गिरा
टीम इंडिया ने चौथे ओवर में अपना पहला विकेट खो दिया है. रोहित शर्मा 11 रन बनाकर आउट हुए. चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर जैकरी फोक्स ने उन्हें क्रिश्चियन क्लार्क के हाथों कैच आउट कराया. दो गेंद पहले ही रोहित को जीवनदान मिला था, जब मिचेल हे ने उनका आसान का कैच टपका दिया था. हालांकि, इसका रोहित फायदा नहीं उठा सके.
January 18, 202618:22 IST
Ind vs NZ Live Update: भारत की दमदार शुरुआत, तीन ओवर के बाद स्कोर 23/0
भारत को रोहित और गिल ने अच्छी शुरुआत दी है. तीन ओवर के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान पर 23 रन है. रोहित एक चौके के साथ 7 रन और गिल तीन चौके लगाते हुए 15 रन बना चुके हैं.
January 18, 202618:06 IST
Ind vs NZ Live Update: रोहित और शुभमन बल्लेबाजी के लिए उतरे
न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी शुरू हो गई है. टीम इंडिया 338 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है. रोहित शर्मा और शुभमन गिल भारतीय पारी की शुरुआत कर रहे हैं.
January 18, 202617:42 IST
Ind vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड ने बनाए 337 रन
न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य दिया है. ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल ने ताबड़तोड़ शतक जड़कर कीवी टीम को 337 रन के स्कोर तक पहुंचाया. फिलिप्स ने 88 गेंदों में 106 रन बनाए, जबकि मिचेल ने 137 रन की पारी खेली. अंतिम ओवरों में कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 18 गेंदों में 28 रन की तेज पारी खेलकर न्यूजीलैंड को एक बड़े टोटल तक पहुंचा दिया. भारत के लिए अर्शदीप और हर्षित ने तीन-तीन विकेट चटकाए. सिराज और कुलदीप को एक-एक सफलता मिली.
January 18, 202617:14 IST
Ind vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का छठा विकेट गिरा
न्यूजीलैंड को कुलदीप यादव ने छठा झटका दिया है. कुलदीप ने मिचेल हे को चलता किया, जो दो रन बनाकर LBW हो गए. मिचेल और फिलिप्स के आउट होने के बाद भारत ने वापसी की है. न्यूजीलैंड का स्कोर 293/6 है.
January 18, 202617:07 IST
Ind vs NZ Live Score: डेरिल मिचेल भी आउट, सिराज को मिला विकेट
लगातार दो ओवरों में भारत को दो बड़ी सफलता हाथ लगी हैं. पहले अर्शदीप ने 44वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स को चलता किया. अगला ओवर लेकर आए मोहम्मद सिराज ने डेरिल मिचेल को आउट कर दिया. मिचेल 131 गेंदों में 137 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए. उन्होंने 15 चौके और तीन छक्के लगाए. इसी के साथ न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है. उसका स्कोर 283/5 है.
January 18, 202617:03 IST
Ind vs NZ Live Score: फिलिप्स हुए आउट, अर्शदीप ने लिया विकेट
अर्शदीप सिंह ने ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल की साझेदारी को तोड़ा है. अर्शदीप ने फिलिप्स का विकेट लेकर न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया. फिलिप्स की पारी 106 रन पर खत्म हुई. उन्होंने 88 गेंदों की अपनी इस पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए.
January 18, 202616:51 IST
Ind vs NZ Live Score: ग्लेन फिलिप्स ने भी ठोका सैकड़ा
डेरिल मिचेल के बाद ग्लेन फिलिप्स ने भी शतक जड़ दिया है. फिलिप्स 83 गेंदों में सेंचुरी तक पहुंचे. उनका यह वनडे क्रिकेट में दूसरा शतक है. 42 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 266/3 है. मिचेल 127 रन और फिलिप्स 100 रन पर नाबाद हैं. दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है.