Cricket Ireland dismisses venue change: आयरलैंड का टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप बदलने से इनकार, बांग्लादेश को करारा झटका
नई दिल्ली. अगले महीने से शुरू हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले बांग्लादेश ने बखेड़ा खड़ा कर दिया है. पहले खबर आई कि वो भारत में मैच खेलना नहीं चाहता तो वेन्यू बदलने की मांग की गई है. अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अनुरोध किया है कि उसके ग्रुप को आयरलैंड के साथ बदल दिया जाए. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट आयरलैंड (सीआई) ने कहा है कि आईसीसी उनके मैचों को श्रीलंका से बाहर नहीं करेगा.
क्रिकबज के मुताबिक, सीआई के एक अधिकारी ने कहा, “हमें स्पष्ट आश्वासन मिला है कि हम मूल शेड्यूल से नहीं हटेंगे. हम निश्चित रूप से ग्रुप स्टेज के मैच श्रीलंका में ही खेलेंगे.”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड ग्रुप बी में है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ओमान शामिल हैं. आयरलैंड अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच श्रीलंका में खेलेगा (पहले तीन कोलंबो में और आखिरी पालेकेले में). दूसरी ओर, बांग्लादेश ग्रुप सी में है, जिसमें इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली शामिल हैं. बांग्लादेश कोलकाता में तीन और मुंबई में एक मैच खेलेगा.
बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत में आकर खेलने को तैयार नहीं है. सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने अपने मैच को शिफ्ट करने की मांग की है. शनिवार शाम को बीसीबी ने आईसीसी से अनुरोध किया कि उसकी टीम को ग्रुप सी में आयरलैंड के साथ बदल दिया जाए ताकि वह भारत की बजाय श्रीलंका में मैच खेल सके. आईसीसी की दो सदस्यीय टीम, जिसमें गौरव सक्सेना (जनरल मैनेजर, इवेंट्स एंड कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन) और एंड्रयू एफग्रेव (जनरल मैनेजर, इंटीग्रिटी यूनिट) शामिल थे, ढाका में बीसीबी को भारत में सुरक्षा व्यवस्था के बारे में समझाने और मूल शेड्यूल का पालन करने के लिए पहुंचे थे.
बीसीबी ने आईसीसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद एक बयान में कहा, “बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई.”
एफग्रेव ने बैठक में व्यक्तिगत रूप से भाग लिया, जबकि सक्सेना समय पर बांग्लादेश का वीजा न मिलने के कारण वर्चुअली जुड़े. बीसीबी ने आगे कहा, “चर्चा के दौरान बीसीबी ने आईसीसी से औपचारिक रूप से अनुरोध दोहराया कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में स्थानांतरित किए जाएं. बोर्ड ने टीम, बांग्लादेशी फैंस, मीडिया और अन्य हितधारकों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश सरकार की राय और चिंताएं भी साझा कीं.”