traditional winter dessert gud wali pitthi recipe health benefits
Last Updated:
Gud Wali Pitthi Recipe: सर्दियों की ठंडी शाम में अगर आप कुछ मीठा और सेहतमंद तलाश रहे हैं, तो पारंपरिक गुड़ वाली पिट्ठी एक बेहतरीन विकल्प है. गेहूं के आटे और गुड़ के मेल से बनने वाला यह देसी व्यंजन न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि इसकी गर्म तासीर ठंड से लड़ने में भी मदद करती है. महज 30 मिनट में तैयार होने वाली इस पारंपरिक मिठाई को आप घर पर आसानी से बना सकते हैं. जानें इसे बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि और सर्दियों में इसके सेहतमंद फायदे.
सहरसा: उत्तर भारत के ग्रामीण अंचलों से निकलकर शहरों की थालियों तक पहुंचने वाली पिट्ठी एक ऐसा व्यंजन है, जिसके बिना सर्दियों का आनंद अधूरा माना जाता है. वह है गुड़ वाली पिट्ठी. जैसे ही पारा गिरना शुरू होता है, मन कुछ ऐसा गरम और मीठा खाने को तरसता है जो न केवल जीभ को संतुष्ट करे, बल्कि शरीर को अंदरूनी गर्माहट भी दे. गुड़ और गेहूं के आटे से तैयार यह पारंपरिक मिठाई आज के आधुनिक दौर में भी अपनी सादगी और स्वाद के कारण लोकप्रिय है. जानिए इसकी रेसिपी.
सेहत और स्वाद का संगम
गुड़ वाली पिट्ठी की सबसे बड़ी खासियत इसकी तासीर है. गुड़ में भरपूर मात्रा में आयरन और मिनरल्स होते हैं. जो सर्दियों में खून की कमी को दूर करने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करते हैं. वहीं गेहूं का आटा इसे एक संपूर्ण आहार का रूप देता है. रिफाइंड शुगर (चीनी) और मिलावटी मिठाइयों के दौर में यह एक शुद्ध और सुरक्षित विकल्प है.
रसोई की न्यूनतम सामग्री
इसे बनाने के लिए आपको बाजार से महंगे सामान लाने की जरूरत नहीं है. आपके किचन में मौजूद साधारण चीजें ही इसके लिए पर्याप्त हैं. गेहूं का आटा, शुद्ध गुड़, पानी, देसी घी (ऐच्छिक).
बनाने की विधि: स्टेप-बाय-स्टेप गाइड
गुड़ वाली पिट्ठी बनाने की कला इसकी सादगी में ही छिपी है. इसे तैयार करने के लिए इन चरणों का पालन करें. सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा लें. इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालकर एक सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रहे कि आटा नरम नहीं होना चाहिए. नहीं तो पिट्ठी का आकार बिगड़ सकता है. गूंथे हुए आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. इन लोइयों को हाथों से थोड़ा लंबा और गोल आकार (सिलेंडर जैसा) दें. अब एक चाकू की मदद से इन रोल की गई लोइयों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. टुकड़ों का आकार मध्यम रखें ताकि वे गुड़ के साथ समान रूप से पक सकें.
ऐसे करें चाशनी तैयार
एक कड़ाही में गुड़ डालें और उसे धीमी आंच पर पिघलाएं. गुड़ जले नहीं, इसके लिए आप इसमें आधा कप पानी डाल सकते हैं. जब गुड़ पूरी तरह पिघलकर उबलने लगे. तब आटे के कटे हुए टुकड़ों को धीरे-धीरे इसमें डाल दें. इस मिश्रण को करीब 25 से 30 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि यह नीचे से चिपके नहीं. जैसे-जैसे समय बीतेगा, गुड़ गाढ़ा होता जाएगा और आटे के टुकड़ों में पूरी तरह समा जाएगा.
परोसने का खास अंदाज
जब पिट्ठी का रंग गहरा भूरा हो जाए और गुड़ एक गाढ़ी चाशनी जैसा बन जाए, तब समझें कि यह तैयार है. इसे गरम-गरम परोसना ही सबसे अच्छा होता है. स्वाद को दोगुना करने के लिए कई लोग इसे ताजी मलाई या गरम दूध के साथ खाना पसंद करते हैं. सर्दियों की ठंडी शामों में यह देसी व्यंजन न केवल आपके शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि पुरानी यादों को भी ताजा कर देता है. अगर आपने अब तक इसे ट्राई नहीं किया है, तो इस सीजन में यह आपकी रसोई की पहली पसंद बन सकती है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें