IND vs NZ: श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी, तिलक की जगह मौका, सुंदर के रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान

Share to your loved once


Last Updated:

India Updated Squad for IND vs NZ T20I Series: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में हुए बदलावों की घोषणा की है. वॉशिंगटन सुंदर सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह रवि बिश्नोई को जगह मिली है. वहीं, शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए तिलक वर्मा की जगह श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया है.

अय्यर की T20 टीम में वापसी, तिलक की जगह मौका, सुंदर के रिप्लेसमेंट का भी ऐलानश्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी.

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की T20I सीरीज से पहले टीम में हुए कुछ बदलावों का ऐलान किया है. 16 जनवरी को बोर्ड ने एक अपडेट में बताया कि टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले भारत की T20I टीम में वापसी कर रहे हैं. हालांकि, उन्हें तिलक वर्मा की जगह शुरुआती तीन मैचों के लिए ही टीम से जोड़ा गया है. वहीं, दूसरा बदलाव रवि बिश्नोई के रूप में हुआ है. ये बदलाव ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के चलते सीरीज से बाहर होने के बाद किया गया है. सुंदर को 11 जनवरी को वडोदरा के BCA स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के दौरान बॉलिंग करते समय साइड स्ट्रेन हो गया था.

अय्यर की टी20 टीम में वापसी
यह पहला मौका है जब 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को फिर से टी20 टीम में शामिल किया है. श्रेयस अय्यर को टी20 वर्ल्ड कप 2024 से ठीक पहले टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद से उन्होंने टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताया. इसके बाद अगले साल उन्होंने पंजाब किंग्स को टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंचाया. आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, जहां उन्होंने 175 के शानदार स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए.

श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में वापसी.

तिलक वर्मा को क्या हुआ?
23 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा को विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान हैदराबाद के लिए खेलते समय अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद इस हफ्ते की शुरुआत में उनकी सफल सर्जरी हुई. सूत्रों के अनुसार अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह तेजी से रिकवर हो रहे हैं. माना जा रहा है कि तिलक न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैचों के लिए टीम से जुड़ सकते हैं.

तिलक वर्मा को कैसी लगी चोट

BCCI ने अपडेट में क्या कहा?
BCCI ने अपडेट में बताया कि वॉशिंगटन सुंदर को 11 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय पसलियों के निचले हिस्से में अचानक दर्द महसूस हुआ. इसके बाद उनका स्कैन कराया गया और विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच भी करवाई गई. जांच में पता चला कि उन्हें साइड स्ट्रेन की चोट लगी है. डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों के आराम की सलाह दी है. इसके बाद वह अपनी चोट के आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे. इस चोट की वजह से वॉशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली IDFC फर्स्ट बैंक टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा, चयन समिति ने श्रेयस अय्यर को भी टी20 टीम में शामिल किया है. वह पहले तीन टी20 मैचों में तिलक वर्मा की जगह खेलेंगे, जो चोटिल हैं.



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP