High Protein Breakfast Recipe। प्रोटीन से भरपूर नाश्ता
High Protein Breakfast Recipe: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि सुबह नाश्ते में ऐसा क्या खाएं जो जल्दी बन जाए, पेट भी भर दे और सेहत का भी ध्यान रखे. खासकर जब बात प्रोटीन की आती है, तो ज्यादातर लोग सोचते हैं कि इसके लिए महंगे फूड या अलग से सप्लीमेंट लेना जरूरी है. जबकि सच्चाई ये है कि हमारी रसोई में ही ऐसे कई देसी ऑप्शन मौजूद हैं, जो स्वाद और सेहत दोनों में कमाल होते हैं. पोहा और मूंगदाल से बना ये नाश्ता उन्हीं में से एक है. पोहा हल्का होता है, जल्दी पचता है और पेट पर भारी नहीं पड़ता. वहीं मूंगदाल को प्रोटीन का पावरहाउस माना जाता है. जब ये दोनों चीजें मिलकर एक रेसिपी में आती हैं, तो नाश्ता सिर्फ टेस्टी ही नहीं बल्कि काफी हेल्दी भी बन जाता है. खास बात ये है कि इस रेसिपी को बनाने में बहुत कम तेल लगता है, जिससे वजन का ध्यान रखने वालों के लिए भी ये बढ़िया ऑप्शन बन जाता है.
इस नाश्ते में ढेर सारी सब्जियां डाली जाती हैं, जिससे शरीर को फाइबर भी मिलता है. यही वजह है कि इसे खाने के बाद देर तक भूख नहीं लगती और दिनभर एनर्जी बनी रहती है. बच्चों के टिफिन से लेकर बड़ों के सुबह के नाश्ते या शाम की हल्की भूख तक, ये रेसिपी हर मौके पर फिट बैठती है, अगर आप रोज-रोज वही बेसन या आलू वाली चीजें खाकर बोर हो चुके हैं, तो पोहा और मूंगदाल से बने इस कटलेट को जरूर ट्राई करें.
पोहा और मूंगदाल का नाश्ता क्यों है खास
पोहा और मूंगदाल से बना ये नाश्ता कई वजहों से बाकी ऑप्शन से अलग है. इसमें तला-भुना कम होता है, फिर भी इसका स्वाद किसी स्ट्रीट फूड से कम नहीं लगता. मूंगदाल प्रोटीन से भरपूर होती है, जो मसल्स और शरीर की ताकत के लिए जरूरी मानी जाती है. पोहा पेट को हल्का रखता है और जल्दी एनर्जी देता है. सब्जियों की मौजूदगी इसे और ज्यादा हेल्दी बना देती है.
पोहा और मूंगदाल से बने नाश्ते के फायदे
-शरीर को अच्छा खासा प्रोटीन मिलता है
-फाइबर की वजह से पाचन ठीक रहता है
-बहुत कम तेल में बन जाता है
-वजन कंट्रोल करने वालों के लिए बढ़िया
-बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आता है
-लंबे समय तक पेट भरा महसूस होता है
पोहा और मूंगदाल का नाश्ता बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप
इस नाश्ते को बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप मूंगदाल लें और उसे रातभर पानी में भिगोकर रख दें. सुबह दाल का पानी निकालकर उसे अच्छे से छान लें. अब 1 कप पोहा लें और उसे पानी से 2-3 बार हल्के हाथ से धो लें ताकि धूल साफ हो जाए. इसके बाद भीगी हुई मूंगदाल को मिक्सी में डालकर बिना ज्यादा पानी के बारीक पीस लें. तैयार पेस्ट को एक बड़े बाउल में निकाल लें.
दूसरा स्टेप
अब उसी बाउल में भीगा हुआ पोहा डाल दें. इसके बाद अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां डालें, जैसे गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, मशरूम, हरा धनिया, हरी मिर्च और थोड़ा अदरक. आधा चम्मच अजवाइन को हाथ से मसलकर डालें. फिर भुना जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, चाट मसाला और एक चुटकी हल्दी डालें. स्वाद के हिसाब से नमक और थोड़ी लाल मिर्च मिलाकर सब चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें.
तीसरा स्टेप
अब हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाएं और तैयार मिश्रण में से एक पेड़ा जितना हिस्सा लें. उसे गोल करके हाथ से दबाते हुए टिक्की का शेप दें. इसी तरह सारी टिक्कियां तैयार कर लें. अब नॉनस्टिक पैन को गैस पर रखें और हल्का सा ग्रीस कर लें.
चौथा स्टेप
तैयार टिक्कियों को तवे पर रखें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से सेंकें. पलटते वक्त हल्का दबाएं और थोड़ा-सा तेल लगाएं ताकि टिक्की बाहर से क्रिस्पी हो जाए. कुछ ही मिनटों में टिक्कियां सुनहरी हो जाएंगी. बस तैयार है पोहा और मूंगदाल से बना प्रोटीन से भरपूर नाश्ता.
पांचवां स्टेप: खास दही डिप
इस नाश्ते का मजा बढ़ाने के लिए एक सिंपल दही डिप भी बना सकते हैं. 3 चम्मच ताजा दही लें और उसे अच्छे से फेंट लें. इसमें 1 चम्मच शहद, थोड़ा नमक, चिली फ्लेक्स और 1 कली कुटा हुआ लहसुन डालकर मिक्स करें. इस दही के साथ पोहा और मूंगदाल के कटलेट खाने पर स्वाद दोगुना हो जाता है.
कब और कैसे खाएं
आप इस नाश्ते को सुबह नाश्ते में खा सकते हैं. चाहें तो बच्चों के टिफिन में भी दे सकते हैं. शाम की हल्की भूख के लिए भी ये एकदम परफेक्ट स्नैक है. इसे हरी चटनी या दही के साथ सर्व किया जा सकता है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)