दीपक तिजोरी के साथ फिल्म फंडिंग में 2.50 लाख की ठगी, पुलिस जांच जारी.
Last Updated:
Deepak Tijori Fraud Case: बॉलीवुड एक्टर दीपक तिजोरी के साथ धोखा हो गया है. बड़े फिल्म प्रोडक्शन हाउस से लेटर ऑफ इंटरेस्ट दिलाने के नाम पर उनके साथ 2.5 लाख की धोखाधड़ी हुई है. एक्टर ने अपने साथ हुई इस घटना के बाद 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है.
दीपक तिजोरी के साथ हुआ बड़ा हादसा नई दिल्ली. फिल्म इंडस्ट्री में सपने जितने बड़े होते हैं, ठगी के मामले भी उतने ही तेजी से सामने आते रहते हैं. खासकर जब कोई नई फिल्म बन रही हो और उसे फंडिंग की जरूरत हो, तब कुछ लोग इसी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं. ऐसा ही एक मामला अभिनेता दीपक तिजोरी के साथ सामने आया है, जिन्होंने फिल्म के लिए पैसा जुटाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.
दीपक तिजोरी लंबे समय से बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा हैं. इन दिनों वह अपनी आने वाली हिंदी फिल्म टॉम डिक एंड मैरी की तैयारी कर रहे थे. फिल्म की स्क्रिप्ट दिसंबर 2024 में पूरी हो चुकी थी और इसके लिए करीब 25 करोड़ रुपये के बजट की जरूरत थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने खुद को बड़े मीडिया और म्यूजिक ग्रुप से जुड़ा बताकर उनसे संपर्क किया.
दीपक तिजोरी के साथ हुआ धोखा
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, फरवरी 2025 के पहले हफ्ते में कविता शिबाग कपूर नाम की एक महिला दीपक तिजोरी के गोरेगांव वेस्ट स्थित घर पहुंची. उसने खुद को टी-सीरीज से जुड़ा बताया और कहा कि उसके मीडिया इंडस्ट्री में अच्छे कनेक्शन हैं. उसने भरोसा दिलाया कि वह फिल्म के लिए मीडिया नेटवर्क से लेटर ऑफ इंटरेस्ट दिलवा सकती है, जिससे निवेशक मिलना आसान हो जाएगा.
एक्टर ने किए थे 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर
कुछ दिन बाद कविता कपूर ने दीपक तिजोरी की मुलाकात फौजिया आरसी नाम की एक महिला से करवाई. दोनों ने मिलकर कहा कि एलओआई की प्रक्रिया लगभग तय हो चुकी है और बस कुछ फॉर्मेंलिटीज बाकी हैं. आरोप है कि इसी दौरान एक हफ्ते में एलओआई दिलाने का वादा करते हुए 2.50 लाख रुपये की मांग की गई. 21 फरवरी 2025 को दोनों के बीच एक एमओयू साइन हुआ. अगले दिन यानी 22 फरवरी को दीपक तिजोरी ने फौजिया आरसी के बैंक अकाउंट में 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. शुरुआत में सब कुछ ठीक लगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो कोई लेटर ऑफ इंटरेस्ट मिला और न ही पैसे वापस किए गए.
बता दें कि शिकायत में यह भी कहा गया है कि तिजोरी की फोन पर जोशी नाम के एक व्यक्ति से बात करवाई गई, जिसे मीडिया नेटवर्क का प्रतिनिधि बताया गया था. लेकिन जब दीपक तिजोरी ने खुद नेटवर्क के सीनियर अधिकारियों से संपर्क किया, तो पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां काम ही नहीं करता. खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद दीपक तिजोरी ने मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने 13 जनवरी 2026 को कविता शिबाग कपूर, फौजिया आरसी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें