Makar Sankranti Special: मकर संक्रांति पर इस तरह बनाएं मूंगदाल खिचड़ी, झटपट होगी तैयार, सब चाटते रह जाएंगे उंगलियां
Makar Sankranti khichdi recipe : मकर संक्रांति ऐसा त्योहार है, जो आस्था, खाने-पीने और मौसम के बदलाव को आपस में जोड़ देता है. इस दिन आसमान में पतंगें उड़ती हैं, घरों में तिल और गुड़ की मिठाइयाँ बनती हैं और साथ ही एक डिश ज़रूर बनती है- खिचड़ी. खासकर उत्तर भारत में संक्रांति बिना खिचड़ी के पूरी ही नहीं लगती. दरअसल, मकर संक्रांति पर बनी मूंगदाल की खिचड़ी का अपना ही अलग महत्व है. इस दिन खिचड़ी को शुभ मानी जाती है और इसे स्वास्थ्यवर्धक भोजन के रूप में भी खाया जाता है. मूंगदाल खिचड़ी पचने में हल्की, पौष्टिक और शरीर को गर्माहट देने वाली रेसिपी है, जो सर्दियों में खास फायदा करती है. तो इस मकर संक्रांति इस तरह बनाएं घर में मूंगदाल खिचड़ी.
मूंग दाल खिचड़ी की सामग्री-
चावल – ½ कप
पीली मूंग दाल – ½ कप
पानी – 3½ कप
घी – 2 बड़े चम्मच
जीरा – 1 छोटा चम्मच
अदरक – 1 इंच का टुकड़ा, बारीक कसा हुआ
हल्दी पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
काली मिर्च – ¼ छोटा चम्मच (वैकल्पिक)
हरी मिर्च – 1, बारीक कटी हुई (वैकल्पिक)
मिक्स सब्ज़ियां – 1 कप (गाजर, मटर, आलू – बारीक कटे हुए, वैकल्पिक)
मूंग दाल खिचड़ी बनाने की विधि-
सबसे पहले चावल और मूंग दाल को एक साथ 2–3 बार अच्छी तरह धो लें, ताकि गंदगी और स्टार्च निकल जाए. अगर समय हो तो इन्हें लगभग 10 मिनट के लिए भिगो दें. इससे खिचड़ी जल्दी और अच्छी तरह पक जाती है.
अब एक प्रेशर कुकर या गहरी कढ़ाही में मध्यम आंच पर घी गरम करें. घी गरम होते ही उसमें जीरा डालें और उसे चटकने दें. इसके बाद कसा हुआ अदरक और बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड के लिए भूनें, ताकि उनकी खुशबू अच्छी तरह निकल आए.
अब धोए हुए चावल और दाल कुकर में डालें. इन्हें 1–2 मिनट हल्का सा मिला कर भून लें. इससे खिचड़ी का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब इसमें हल्दी पाउडर और नमक डालें और अच्छी तरह चलाकर मसाले को चावल–दाल के साथ मिला दें.
अगर आप सब्ज़ियों वाली खिचड़ी बनाना चाहते हैं, तो इस चरण में गाजर, मटर और आलू जैसी कटी हुई सब्ज़ियां डाल दें और थोड़ा सा मिलाएं. अब इसमें 3½ कप पानी डालें और एक बार फिर अच्छी तरह चला दें.
प्रेशर कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 3 सीटी आने तक पकाएं. यदि आप भगौने में पका रहे हैं, तो ढककर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें, जब तक चावल और दाल अच्छी तरह नरम न हो जाएं.
कुकर ठंडा होने पर ढक्कन खोलें. खिचड़ी को चम्मच से हल्का सा मैश कर दें ताकि इसका टेक्सचर क्रीमी हो जाए. अब चाहें तो ऊपर से काली मिर्च डालकर मिला लें. गरमागरम खिचड़ी घी की बूंदों के साथ परोसें.
यह खिचड़ी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हल्की, पौष्टिक और पचने में आसान भी है, इसलिए इसे बच्चे और बड़े सभी आराम से खा सकते हैं.