U19 World Cup 2026: भारत का अंडर 19 वर्ल्ड कप में किस टीम से होगा पहला मैच, नोट कर लीजिए शेड्यूल
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप के लिए तैयार हैं. उन्होंने वर्ल्ड कप के मुख्य मुकाबले खेलने से पहले दो प्रैक्टिस मैच खेले हैं. स्कॉटलैंड के खिलाफ वैभव ने शानदार बल्लेबाजी की थी और वह महज चार से अपना शतक चूक गए थे जबकि इंग्लैंड के खिलाफ वह जल्दी ही पवेलियन लौट गए.अंडर-19 वर्ल्ड कप की शुरुआत 15 जनवरी से हो रही है. फाइनल 6 फरवरी को खेला जाएगा. टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त रूप से जिम्बाब्वे और नामीबिया कर रहे हैं. वर्ल्ड कप में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के ग्रुप में बांटा गया है. भारतीय टीम को यूएसए, बांग्लादेश, और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप ए में रखा गया है. आइए जानते हैं कि भारतीय टीम के मैच कब और कहां खेले जाएंगे.
भारत का अंडर-19 वर्ल्ड कप में पहले ही दिन 15 को यूएसए के खिलाफ मुकाबला है. मैच बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब जिम्बाब्वे में भारतीय समयानुसार 1 बजे से शुरू होगा. भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा. यह मुकाबला भी भारतीय समयानुसार 1 बजे से खेला जाएगा. भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है.
इंडिया अंडर 19 क्रिकेट टीम का अंडर 19 विश्व कप शेड्यूल.
भारत लीग स्टेज पर आखिरी मैच 24 फरवरी को खेलेगा
भारतीय टीम का लीग स्टेज का तीसरा मुकाबला 24 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ बुलावायो में ही खेला जाएगा. यह मैच भी भारतीय समयानुसार 1 बजे ही शुरू होगा. ग्रुप की शीर्ष दो टीम अगले स्टेज के लिए क्वालिफाई करेंगी. ग्रुप बी में पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, जिंबाब्वे और इंग्लैंड हैं. ग्रुप सी में ऑस्ट्रेलिया, जापान, आयरलैंड और श्रीलंका हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज हैं.
भारतीय टीम 5 बार की चैंपियन है
अंडर-19 विश्व कप 2026, विश्व कप का 16वां संस्करण है. पिछले 15 संस्करणों में भारतीय टीम सबसे सफल टीम बनकर उभरी है. भारतीय टीम 5 बार चैंपियन रही है. ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार ये खिताब जीता है. पाकिस्तान 2 बार चैंपियन रही है. इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश भी एक-एक बार चैंपियन रह चुकी हैं. ऑस्ट्रेलिया मौजूदा विजेता है. 2024 में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर खिताब जीता था.
वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी सबकी नजरें
इस विश्व कप में भारतीय टीम के जिस बल्लेबाज के प्रदर्शन पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहने वाली है, वो बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं. साल 2025 में आईपीएल, भारत की अंडर-19 और अपनी घरेलू टीम बिहार के लिए खेलते हुए वैभव ने रनों का अंबार लगाया है. देखना होगा विश्व कप जैसे मेगा इवेंट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी.