कम मसाले, जबरदस्त स्वाद! घर पर इस तरह बनाएं पहाड़ी स्टाइल पोटा कलेजी, एक बार चख लिया तो बार-बार मांगेंगे – Uttarakhand News
Last Updated:
Pahadi Style Pota Kaleji Recipe: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पोटा कलेजी का अपना खास स्थान है. यह डिश सादगी, देसी मसालों और प्राकृतिक स्वाद से भरपूर होती है और ठंडे मौसम में शरीर को ऊर्जा देने के लिए पहाड़ी घरों में अक्सर बनाई जाती है. आसानी से मिलने वाले मसालों और सरसों के तेल में बने इस व्यंजन को पहाड़ी रोटी या सादे चावल के साथ खाने का आनंद ही अलग है. आइए जानते हैं कैसे आप आसान तरीके से इसे घर पर बना सकते हैं.
ऋषिकेश: उत्तराखंड और हिमालयी क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों में पोटा कलेजी का खास स्थान है. पहाड़ी खानपान की पहचान सादगी, देसी मसाले और प्राकृतिक स्वाद से होती है. पहाड़ी स्टाइल पोटा कलेजी रेसिपी में कम मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे चिकन के असली स्वाद को उभरने का मौका मिलता है. यह डिश खासतौर पर ठंडे मौसम में शरीर को ऊर्जा देने वाली मानी जाती है. पहाड़ों में इसे घर पर आसानी से मिलने वाले मसालों और सरसों के तेल में पकाया जाता है. पोटा कलेजी प्रोटीन और आयरन से भरपूर होती है, इसलिए यह सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद मानी जाती है.
पोटा कलेजी बनाने की तैयारी
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान पूनम ने बताया कि सबसे पहले पोटा और कलेजी को अच्छे से साफ करें. पोटा को दो से तीन बार पानी से धोकर अंदर की सफेद परत पूरी तरह निकाल दें. इसके बाद इसे छोटे टुकड़ों में काट लें. कलेजी को भी मध्यम आकार में काटकर अलग रखें. अब एक कढ़ाही में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल से हल्का धुआं उठने लगे तो इसमें जीरा या जाख्या डालें. मसाले चटकने लगें तो बारीक कटा प्याज डालें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें.
मसाले के साथ ग्रेवी तैयार करना
अब इसमें अदरक और लहसुन का पेस्ट डालें और खुशबू आने तक भूनते रहें. इसके बाद बारीक कटे टमाटर डालकर मसाले को अच्छे से पकाएं, जब तक तेल अलग न होने लगे. अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह मिलाएं. मसाला पक जाने के बाद कटे हुए पोटा डालें और मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक चलाते हुए भूनें. पोटा हल्का सा पक जाए तो इसमें कलेजी डालें और दो से तीन मिनट तक पकाएं.
धीमी आंच पर पकाना
अब थोड़ा सा पानी डालकर कढ़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकने दें. बीच बीच में चलाते रहें ताकि मसाला जले नहीं. जब पोटा नरम हो जाए और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें. अंत में हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डालकर हल्का सा मिला लें.पहाड़ी स्टाइल पोटा कलेजी को गरमा गरम परोसें. इसे पहाड़ी मंडुए की रोटी, झंगोरे की रोटी या सादे चावल के साथ खाया जा सकता है. ऊपर से नींबू का रस डालने से इसका स्वाद और भी निखर जाता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें