राजनीतिक नेताओं की बाइक-स्कूटी राइड्स: चर्चित किस्से
Last Updated:
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आज नागपुर में नगर निगम चुनाव प्रचार के आखिरी दिन रॉयल एनफील्ड चलाकर सबको चौंका दिया. देवभाऊ का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. राजनीति के मैदान में अक्सर सफेद कुर्ते और महंगी गाड़ियों में दिखने वाले नेता जब बाइक की सवारी करते हैं, तो वे जनता के बीच अपनी आम आदमी वाली छवि को मजबूत करते हैं. चलिए हम आपको ऐसे ही कुछ नेताओं के बारे में बताते हैं जो स्कूटर, बाइक और साइकल पर लोगों के बीच नजर आए.

राहुल गांधी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगस्त 2023 में लद्दाख की यात्रा पर थे. इस दौरान उन्होंने लेह से पैंगोंग झील तक लगभग 211 किलोमीटर की दूरी KTM 390 Adventure बाइक से तय की थी. राहुल ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया था कि उनके पिता राजीव गांधी भी लद्दाख की वादियों में बाइक चलाना पसंद करते थे. हेलमेट, दस्ताने और पूरी राइडिंग गियर पहने राहुल का यह अंदाज युवाओं के बीच काफी वायरल हुआ था. यह यात्रा न केवल व्यक्तिगत थी, बल्कि इसके जरिए उन्होंने चीन सीमा के पास स्थानीय लोगों से जुड़ने का राजनीतिक संदेश भी दिया था.

ममता बनर्जी: फरवरी 2021 में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता की सड़कों पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया था. वे अपने आवास कालीघाट से राज्य सचिवालय नबन्ना तक स्कूटी से गई थीं. ममता बनर्जी ने गले में पोस्टर लटका रखा था, जिस पर ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ नारे लिखे थे. खास बात यह थी कि उन्होंने वापसी में खुद हैंडल संभाला था, हालांकि संतुलन बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभाला. यह घटना बंगाल चुनाव से ठीक पहले हुई थी जिसने देशभर का ध्यान खींचा था.

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अक्सर अपनी सादगी और देसी अंदाज के लिए जाने जाते हैं. अक्टूबर 2014 की एक घटना काफी चर्चित रही थी जब गडकरी नागपुर में अपने आवास से सफेद रंग की वेस्पा (Vespa) स्कूटर चलाकर सीधे आरएसएस (RSS) मुख्यालय पहुंचे थे. हालांकि, उस वक्त वे बिना हेलमेट के नजर आए थे, जिस पर काफी विवाद भी हुआ था. नागपुर के लोग अक्सर उन्हें शहर की सड़कों पर स्कूटर चलाते हुए देखते हैं. गडकरी का मानना है कि वे आज भी दिल से एक आम ‘नागपुरिया’ हैं और उन्हें स्कूटर की सवारी करना ज्यादा सहज लगता है. वे कई बार मंचों से अपने पुराने दिनों की यादें साझा कर चुके हैं जब वे अपनी पत्नी और परिवार के साथ स्कूटर पर सैर पर निकलते थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्मृति ईरानी: फरवरी 2021 में ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी स्कूटी चलाती नजर आई थीं. उन्होंने हावड़ा के पंचला इलाके में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत स्कूटी रैली का नेतृत्व किया था. सिर पर हेलमेट और भाजपा का झंडा लिए स्मृति ईरानी ने तंग गलियों में स्कूटी चलाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा था. यह ममता बनर्जी की स्कूटी राइड के ठीक एक दिन बाद हुआ था, जिसे भाजपा की ओर से ‘दीदी’ को सीधा राजनीतिक जवाब माना गया था.

मनोहर लाल खट्टर: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर नवंबर 2023 में अपने गृहनगर करनाल में रॉयल एनफील्ड बुलेट चलाते दिखे थे. मौका था ‘कार-फ्री डे’ का, जिसे बढ़ावा देने के लिए वे मुख्यमंत्री आवास से करनाल एयरपोर्ट तक बाइक चलाकर गए थे. खट्टर अक्सर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए साइकिल या बाइक का इस्तेमाल करते रहे हैं. उन्होंने हेलमेट पहनकर और पूरी सुरक्षा के साथ बुलेट दौड़ाई थी. पूर्व सीएम का यह अंदाज सोशल मीडिया पर काफी सराहा गया था, क्योंकि उन्होंने सादगी के साथ एक बड़ा सामाजिक संदेश दिया था.

शिवराज सिंह चौहान: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा वक्त में देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कई मौकों पर साइकिल और बाइक की सवारी करते नजर आए हैं. वो अक्सर अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी या ग्रामीण दौरों के दौरान बाइक की सवारी करते देखे जाते रहे हैं. ऐसी ही एक चर्चित घटना 2022 में सामने आई थी जब वे सीहोर जिले के गांवों में औचक निरीक्षण के लिए निकले थे. खराब रास्तों और संकरी गलियों तक पहुंचने के लिए उन्होंने एक कार्यकर्ता की बाइक का सहारा लिया और खुद ड्राइव करते हुए लोगों के बीच पहुंच गए. ‘मामा’ के नाम से मशहूर शिवराज का यह देसी अंदाज उन्हें सीधे किसानों और ग्रामीणों से जोड़ता है.

ज्योतिरादित्य सिंधिया: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का बाइक प्रेम जगजाहिर है. सितंबर 2022 में ग्वालियर में एक भव्य बाइक रैली के दौरान उन्होंने खुद रॉयल एनफील्ड की कमान संभाली थी. सिंधिया ने अपने समर्थकों के साथ ग्वालियर की सड़कों पर कई किलोमीटर तक बाइक चलाई थी. राजघराने से ताल्लुक रखने के बावजूद कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बाइक चलाना उनके लोकप्रिय व्यक्तित्व को दर्शाता है. सिंधिया अक्सर चुनाव प्रचार या विशेष समारोहों के दौरान बुलेट पर सवार होकर युवाओं के बीच जोश भरने का काम करते हैं.