नया पश्चिमी विक्षोभ हो रहा सक्रिय, यूपी में होगी बारिश, लखनऊ से नोएडा तक पड़ेगी भीषण ठंड, जानें IMD का अपडेट

Share to your loved once


UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे और कोल्ड डे का कहर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है.अनुमान है कि 13 जनवरी को 8 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात होंगे. वहीं करीब 20 जिलों में कोहरे की चादर भी तनी रहेगी. अनुमान है कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन पूर्वी यूपी में मामूली कमी के आसार हैं. उसके बाद इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा. राजधानी लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक 13 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह सवेरे घना कोहरा देखने को मिलेगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 14 जनवरी को भी प्रदेश के दोनों संभाग में कोहरा नजर आएगा. वहीं 15 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे बारिश की संभावना है और ठंड में इजाफा होगा.

कहीं छायेगा कोहरा तो कहीं खिलेगी धूप
पूर्वानुमान है कि मंगलवार को  सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकुट, जालौन, इटावा और आगरा में कोहरा नजर आएगा. वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, बलिया, सीतापुर, अमेठी, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और आस पास के जिलों में भी धूप खिली रहेगी.

लखनऊ नोएडा में आज ऐसा होगा मौसम
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह सवेरे छिछला कोहरा नजर आएगा. वहीं दिन चढ़ने के साथ यहां धूप भी खिली रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस होगा. अगले दो दिनों तक लखनऊ में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा. वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां सुबह के समय घना कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है. आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 4 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.

आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. इसके दो दिन बाद यूपी में मौसम में थोड़ा बदलाव नजर आएगा.अनुमान है 18 जनवरी के आस-पास पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बरेली में रिकॉर्ड हुआ.यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा.इसके अलावा गोरखपुर, कुशीनगर और सहारनपुर में बीते 24 घंटे में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा नजर आया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP