Soft roti in winter। सर्दियों में नरम रोटी रखने के तरीके
Soft Roti In Winter: सर्दियों का मौसम आते ही रसोई से जुड़ी कई छोटी-छोटी परेशानियां सामने आने लगती हैं. इन्हीं में से एक है रोटियों का जल्दी ठंडा होकर कड़क हो जाना. जनवरी के महीने में तो हालत और भी खराब हो जाती है. गैस से उतरते ही रोटी ठंडी पड़ जाती है और थोड़ी देर रखने पर उसका नरमपन गायब हो जाता है. कई घरों में सुबह बनी रोटियां दोपहर तक आते-आते इतनी सख्त हो जाती हैं कि खाने का मन ही नहीं करता. ऑफिस के लिए टिफिन ले जाने वाले लोग और स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे इस परेशानी से सबसे ज्यादा जूझते हैं. सुबह जल्दी-जल्दी बनी रोटियां लंच टाइम तक टूटने लगती हैं. स्वाद भी बदल जाता है और कई बार तो बच्चे रोटी खाने से मना कर देते हैं. जिन घरों में मेड सुबह जल्दी खाना बनाकर चली जाती है, वहां शाम तक वही रोटियां खानी पड़ती हैं. कई लोग सोचते हैं कि ठंड की वजह से ऐसा होता है और इसमें कुछ किया नहीं जा सकता, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है, अगर रोटी बनाते वक्त और उसके बाद कुछ आसान तरीकों को अपनाया जाए, तो सर्दियों में भी रोटियां घंटों तक नरम रह सकती हैं. न तो रोटी टूटेगी और न ही उसका स्वाद बिगड़ेगा. इस आर्टिकल में हम आपको वही आसान टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपकी रोटियां पूरे दिन सॉफ्ट बनी रहेंगी.
सर्दियों में रोटी सख्त होने की असली वजह
ठंड के मौसम में हवा में नमी कम हो जाती है. जैसे ही रोटी गैस से उतरती है, उसकी गर्मी तेजी से निकल जाती है. गर्मी निकलते ही रोटी में मौजूद नमी भी सूखने लगती है. यही वजह है कि कुछ ही देर में रोटी कड़क हो जाती है, अगर आटा सही तरीके से न गूंथा गया हो या रोटी ज्यादा सेंकी गई हो, तो ये परेशानी और बढ़ जाती है.
रोटियों को मुलायम रखने के आसान और काम के टिप्स
आटा गूंथते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
नरम रोटी की शुरुआत आटे से ही होती है, अगर आटा सही नहीं गूंथा गया, तो रोटी चाहे जितनी कोशिश कर लें, सॉफ्ट नहीं बनेगी.
-आटा गूंथते वक्त थोड़ा गुनगुना पानी इस्तेमाल करें
-सर्दियों में चाहें तो पानी की जगह थोड़ा दूध मिलाकर आटा गूंथ सकते हैं
-आटे में 1–2 चम्मच तेल मिलाने से रोटियां ज्यादा देर तक नरम रहती हैं
-आटा ज्यादा सख्त न रखें, हल्का नरम होना चाहिए
-गूंथने के बाद आटे को 10–15 मिनट ढककर रख दें
इससे आटा अच्छे से सेट हो जाता है और रोटी बनाते वक्त फटती नहीं है.
गैस की फ्लेम का सही इस्तेमाल करें
कई लोग जल्दी के चक्कर में रोटी को बहुत तेज आंच पर सेंक देते हैं या फिर धीमी आंच पर ज्यादा देर तक छोड़ देते हैं. दोनों ही हालत में रोटी सख्त हो जाती है.
-तवे को पहले अच्छे से गर्म कर लें
-रोटी को मीडियम से हाई फ्लेम पर सेंकें
-तवे पर रोटी को ज्यादा देर न रखें
-एक तरफ हल्के बुलबुले आते ही पलट दें
-आखिर में गैस पर हल्का सा घुमाकर सेंकें
इस तरीके से सेंकी गई रोटी अंदर से नरम और ऊपर से सही तरह पकी रहती है.
सेंकते ही रोटी को ढककर रखें
रोटी अगर खुली हवा में रखी रही, तो वह जल्दी ठंडी और सूखी हो जाती है. यही वजह है कि थोड़ी देर में वह कड़क लगने लगती है.
-रोटी सेंकते ही उसे हॉटकेस में रखें
-हॉटकेस न हो तो किसी गहरे बर्तन में रखें
-ऊपर से सूती कपड़े से ढक दें
-हर नई रोटी डालने के बाद ढक्कन बंद करें
इससे रोटी की भाप अंदर ही रहती है और नमी बनी रहती है.
रोटी पर हल्का घी या मक्खन जरूर लगाएं
रोटी को मुलायम रखने में घी बहुत बड़ा रोल निभाता है. घी रोटी की नमी को लॉक कर देता है.
-रोटी सेंकते ही हल्का घी लगाएं
-ज्यादा घी लगाने की जरूरत नहीं
-चाहें तो मक्खन भी लगा सकते हैं
-घी लगाने से स्वाद भी बढ़ जाता है
घी लगी रोटियां काफी देर तक सॉफ्ट रहती हैं और ठंड में भी कड़क नहीं होतीं.
रोटियों को सही तरीके से स्टोर करना भी है जरूरी
सिर्फ रोटी बनाना ही नहीं, उसे सही तरह से रखना भी उतना ही जरूरी है.
-रोटी रखने के लिए अलग बर्तन तय करें
-हॉटकेस सबसे अच्छा ऑप्शन होता है
-ऊपर और नीचे सूती कपड़ा रखें
-एयरटाइट डिब्बे का इस्तेमाल करें
-फ्रिज में रोटी रखने से बचें
अगर रोटी को दोबारा गर्म करना हो, तो तवे पर हल्का सा सेंक लें या फिर ढककर गर्म करें.
ऑफिस या स्कूल के टिफिन के लिए खास टिप्स
-रोटी पूरी तरह ठंडी होने से पहले टिफिन में रखें
-टिफिन में एक पेपर नैपकिन रखें
-सब्जी अलग डिब्बे में रखें
-बहुत ज्यादा पतली रोटी न बनाएं
इन छोटी बातों से टिफिन की रोटियां भी सॉफ्ट बनी रहती हैं.