Boil potatoes without water। बिना पानी आलू उबालने की ट्रिक
Boil Potatoes Without Water: आलू भारतीय रसोई का ऐसा हिस्सा है, जिसके बिना कई डिश अधूरी लगती हैं. आलू की सब्जी हो, पराठा, टिक्की, चाट या समोसा -हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है, लेकिन आलू उबालना जितना आसान लगता है, उतना होता नहीं. कई बार कुकर खोलने पर आलू कच्चे निकल आते हैं, तो कभी इतने ज्यादा पक जाते हैं कि छिलका फट जाता है और पूरा आलू पानी से भर जाता है. यही वजह है कि कई लोग आलू उबालने से पहले ही टेंशन में आ जाते हैं. ज्यादातर घरों में आलू उबालने का एक ही तरीका अपनाया जाता है कुकर में पानी डालो, आलू डालो और सीटी लगा दो, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पानी में उबले आलू का स्वाद फीका क्यों लगता है? या टिक्की बनाते वक्त आलू बिखर क्यों जाते हैं? इसकी सबसे बड़ी वजह है ज्यादा पानी. आलू पानी सोख लेते हैं और उनका नेचुरल टेस्ट कमजोर पड़ जाता है.
अब इसी समस्या का आसान और देसी हल लेकर आई हैं यूट्यूबर सीमा पांडेय. उन्होंने बिना पानी के कुकर में आलू उबालने की एक ऐसी ट्रिक बताई है, जिसे जानकर लोग हैरान रह गए हैं. इस तरीके में आलू न तो जलते हैं, न फटते हैं और अंदर से एकदम मक्खन जैसे नरम पकते हैं. खास बात ये है कि इस प्रोसेस में आलू का असली स्वाद और पोषण दोनों सुरक्षित रहते हैं, अगर आप भी हर बार परफेक्ट उबले आलू चाहते हैं, तो इस ट्रिक को पूरा समझना जरूरी है.
कुकर में पानी के बिना आलू उबालने का सही तरीका
कुकर को तैयार करना
इस ट्रिक में सबसे पहला काम है कुकर को सही तरीके से तैयार करना. कुकर के अंदर की तली पर थोड़ा सा घी या तेल लगाकर अच्छे से ग्रीस कर लें. इससे आलू कुकर से चिपकेंगे नहीं और जलने का डर भी कम हो जाएगा. घी लगाने से आलू में हल्की सी सोंधी खुशबू भी आती है, जो खाने का मजा बढ़ा देती है.
आलू की सही लेयरिंग
आलू को अच्छे से धोकर कुकर में रखें. ध्यान रखें कि आलू एक-दूसरे के ऊपर न रखें. कुकर की तली पर सिर्फ एक ही लेयर बनाएं. जब आलू एक लेयर में रहते हैं, तो हर आलू को बराबर गर्माहट मिलती है, अगर ज्यादा आलू डाल दिए, तो कुछ आलू कच्चे रह सकते हैं और कुछ ज्यादा पक सकते हैं.
गीले कपड़े का कमाल
इस ट्रिक का सबसे खास हिस्सा है गीला सूती कपड़ा. एक साफ सूती कपड़ा या छोटा टॉवेल लें, उसे पानी में भिगो दें और अच्छे से निचोड़ लें. कपड़ा ऐसा हो कि पानी टपके नहीं, लेकिन नमी बनी रहे. इस गीले कपड़े को आलू के ऊपर बिछा दें. यही कपड़ा कुकर के अंदर भाप बनाता है, जिससे आलू बिना पानी के भी आसानी से पक जाते हैं.
आंच का सही कंट्रोल
अब कुकर का ढक्कन बंद करें और गैस पर रखें. शुरुआत में आंच मीडियम रखें. जैसे ही कुकर गरम होने लगे और अंदर से भाप बनने का एहसास हो, आंच को बिल्कुल धीमा कर दें. धीमी आंच पर पकाने से आलू अंदर तक नरम होते हैं और उनका छिलका फटता नहीं.
समय का रखें पूरा ध्यान
आलू को धीमी आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकने दें. आलू का साइज बड़ा हो तो थोड़ा समय ज्यादा लग सकता है. तय समय के बाद गैस बंद कर दें, लेकिन कुकर को तुरंत न खोलें. उसे अपनी ही भाप में ठंडा होने दें. इससे आलू अच्छे से सेट हो जाते हैं.
इस तरीके से उबले आलू का स्वाद और फायदा
जब कुकर की पूरी भाप निकल जाए, तब ढक्कन खोलें और गीला कपड़ा हटा दें. आप देखेंगे कि आलू पूरी तरह पक चुके हैं और उनका छिलका आसानी से उतर रहा है. पानी में उबले आलू की तुलना में ये आलू बिल्कुल सूखे और सॉफ्ट होते हैं. इन्हें मसलने पर ये चिपचिपे नहीं होते, जिससे पराठे, टिक्की या कटलेट बनाते वक्त शेप बनी रहती है. सबसे अच्छी बात ये है कि आलू का असली स्वाद बरकरार रहता है.