Traditional Maheri Dish। छाछ चावल की महेरी रेसिपी
Maheri Rcip: भारत की हर गली, हर कस्बे और हर राज्य की अपनी अलग पहचान होती है, खासकर खाने के मामले में. यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और बुंदेलखंड जैसे इलाकों की बात करें तो यहां का देसी खाना न सिर्फ स्वाद में दमदार होता है, बल्कि पेट के लिए हल्का और सेहत के लिहाज से भी काफी अच्छा माना जाता है. यहां की रेसिपीज़ ज्यादा मसालेदार या भारी नहीं होतीं, बल्कि सादगी में ही उनका असली स्वाद छुपा होता है. ऐसी ही एक देसी और बेहद पसंद की जाने वाली रेसिपी है महेरी. यह रेसिपी उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं जो हल्का, जल्दी बनने वाला और पेट को ठंडक देने वाला खाना पसंद करते हैं. गर्मियों में तो महेरी खास तौर पर बनाई जाती है, लेकिन कई लोग इसे सालभर खाते हैं. महेरी की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसमें न ज्यादा चीजें लगती हैं और न ही ज्यादा मेहनत. कच्चे चावल, खट्टी छाछ, थोड़ा सा नमक और हल्दी से बनने वाली यह डिश पहली बार खाने वाले को भी अपना दीवाना बना लेती है. ऊपर से देसी घी, जीरा और सूखी लाल मिर्च का तड़का मिल जाए, तो इसका स्वाद और भी जबरदस्त हो जाता है, अगर कभी हल्का खाने का मन हो, पेट ठीक न लग रहा हो या जल्दी कुछ टेस्टी बनाना हो, तो महेरी एकदम परफेक्ट ऑप्शन है, अगर आपने इसे कभी ट्राई नहीं किया, तो यकीन मानिए एक बार खाने के बाद बार-बार बनाने का मन करेगा.
महेरी क्या होती है और कहां ज्यादा पसंद की जाती है
महेरी एक पारंपरिक देसी डिश है जो यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और बुंदेलखंड में काफी फेमस है. कहीं इसे महेरी कहा जाता है तो कहीं अलग नाम से जाना जाता है, लेकिन तरीका लगभग एक जैसा रहता है. यह चावल और छाछ से बनने वाली हल्की खट्टी रेसिपी होती है, जो पेट को आराम देती है.
महेरी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-कच्चे चावल -1 कप
-छाछ या मट्ठा -2 कप (ज्यादा खट्टी हो तो स्वाद और बढ़िया आता है)
-पानी -1 कप
-हल्दी पाउडर -आधा छोटी चम्मच
-नमक -स्वाद के हिसाब से
तड़के के लिए
-देसी घी -जरूरत के हिसाब से
-जीरा -1 छोटी चम्मच
-सूखी लाल मिर्च -1 या 2
चावल तैयार करने का सही तरीका
सबसे पहले कच्चे चावल को अच्छे से पानी से धो लें. धोने के बाद इन्हें करीब आधे घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें. इससे चावल फूल जाते हैं और पकने पर ज्यादा अच्छे लगते हैं. जब आप हाथ से चावल मसलेंगे, तो वे आसानी से टूटने लगेंगे.
महेरी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
1. एक गहरे बर्तन या कढ़ाही में छाछ और पानी डालें. गैस की फ्लेम तेज रखें और इसमें हल्दी व नमक डाल दें. अब इस मिश्रण को लगातार चलाते रहें. यह बहुत जरूरी स्टेप है, क्योंकि अगर चलाना बंद कर दिया तो छाछ फट सकती है.
2. जब इसमें अच्छे से उबाल आने लगे, तब भीगे हुए चावल डाल दें. चावल डालने के बाद भी लगातार चलाते रहें. इस समय ढक्कन बिल्कुल बंद न करें, अगर ढकना हो तो हल्का सा आधा ढकें.
3. करीब 8–9 मिनट में चावल पकने लगेंगे और इसकी कंसिस्टेंसी सही हो जाएगी. न ज्यादा पतली और न ज्यादा गाढ़ी. इसके बाद ढक्कन हल्का सा रखकर 2–3 मिनट और पका लें. ठंडा होने पर यह थोड़ी और गाढ़ी हो जाती है.
महेरी में तड़का कैसे लगाएं
अब एक छोटे पैन में देसी घी गरम करें. घी गरम होते ही इसमें जीरा और सूखी लाल मिर्च डालें. हल्का सा भुनते ही यह तड़का तैयार हो जाएगा. इसे सीधे महेरी के ऊपर डाल दें. देसी घी का तड़का इसका पूरा स्वाद बदल देता है.
महेरी खाने का सही समय और फायदे
महेरी आप ब्रेकफास्ट, लंच या हल्की डिनर में कभी भी खा सकते हैं. यह पेट के लिए हल्की होती है, जल्दी पच जाती है और गर्मियों में शरीर को ठंडक देती है. खट्टी छाछ होने की वजह से पाचन में भी मदद मिलती है.