How to make Mutton leg soup: सर्दियों में पिएं हेल्दी मटन लेग सूप, आसान है रेसिपी
Mutton leg soup Recipe: नॉनवेज खाने वालों की कमी नहीं है. किसी को चिकन, किसी को मछली तो किसी का फेवरेट होता है मटन. सभी नॉनवेज आइटम्स का स्वाद, रेसिपी, फायदे अलग होते हैं. काफी लोग वीकेंड पर आराम से नॉनवेज बनाकर खाना पसंद करते हैं. रोज की भागदौड़ में इतना समय लोगों को नहीं मिलता कि वो मटन-चिकन बनाकर खाएं. बात करें मटन की तो आप ग्रेवी वाला मटन, स्पाइसी मटन, मनट टिक्का, मटन कबाब तो खूब खाए होंगे, लेकिन क्या कभी मटन लेग से बना सूप पिया है? अगर नहीं पिया है तो आप इस पूरी सर्दी मटन लेग सूप जरूर पिएं. आपका शरीर अंदर से गर्म तो रहेगा ही, आपको भरपूर ताकत, एनर्जी और पौष्टिक तत्व भी प्राप्त होंगे. तो इस बार आप डिनर में मटन लेग सूप जरूर बनाकर पिएं. इसकी रेसिपी भी बहुत सिंपल है. तो चलिए जानते हैं मटन लेग सूप बनाने के लिए आपको क्या सामग्री चाहिए और इसे बनाने की रेसिपी क्या है.
मटन लेग सूप पीने के फायदे
मटन लेग सूप पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है. ठंड में शरीर अंदर से गर्म रहता है. जोड़ों का दर्द कम हो सकता है. हड्डियां भी मजबूत होती हैं. मटन लेग सूप हफ्ते में एक बार जरूर पीना चाहिए. अच्छे से उबले हुए बकरी के पैर से मिलने वाले तत्व सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. ये सूप प्रेग्नेंट महिलाओं, पहली बार पीरियड्स आने वाली लड़कियों, बच्चों, बुजुर्गों सभी के लिए अच्छा है. सर्दियों में ये शरीर को गर्म रखता है.
मटन लेग सूप बनाने के लिए सामग्री
बकरी के पैर- 2 (अच्छे से जलाकर लाए हुए), मीडियम साइज का प्याज- 1 कटा हुआ, लहसुन- 2-3 कलियां कटी हुई, अदरक- थोड़ा सा कटा हुआ, दालचीनी- थोड़ा सा, लौंग- 2 से 3, धनिया पाउडर- आधा चम्मच, लाल मिर्च- स्वादानुसार, धनिया पत्ता- थोड़ा सा कटा हुआ, नमक- स्वादानुसार, तेल- 2 चम्मच, हल्दी- चुटकी भर.
मटन लेग सूप बनाने की विधि
मटन के पैरों को अच्छे से 2-3 बार साफ पानी में धो लें. एक पैन में तेल गर्म करें. उसमें प्याज, लहसुन, अदरक, दालचीनी, लौंग, लाल मिर्च और धनिया पत्ता डालकर फ्राई करें. ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालें. धनिया पाउडर और हल्दी डालें. थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें. प्रेशर कुकर गर्म करें. थोड़ा तेल डालें. धोए हुए मटन लेग 2 मिनट फ्राई करें. पिसा हुआ मसाला, नमक डालें. जरूरत के हिसाब से पानी डालें. 5 से 6 सीटी लगाएं. प्रेशर उतरने के बाद पैरों को अलग करें. सूप को छान लें. सर्व करते समय सूप में थोड़ा सा धनिया पत्ता डालें. गरमा-गर्म मटन लेग सूप सर्व करें. लेग पीस को आप चाहें तो सूप के साथ खा सकते हैं. उसे मसाले में फ्राई करके भी खा सकते हैं. कुकर में धोए हुए पैर, पानी और नमक डालकर 5-6 सीटी लगाएं. फिर सूप में काली मिर्च पाउडर और धनिया पत्ता डालें और सर्व करें. इस तरह से बना मटन लेग सूप और भी आसान और हेल्दी है. ये मटन लेग सूप रविवार के नॉनवेज मेन्यू के लिए परफेक्ट है. परिवार के साथ बैठकर खाने का मजा दोगुना हो जाता है. घर पर आसानी से बनाएं और सेहत का ध्यान रखें.