Jemimah Rodrigues lose second consecutive match: आखिरी गेंद पर हारी जेमिमा रोड्रिग्स की टीम… लगातार दूसरा मुकाबला गंवाया, सोफी डिवाइन ने गुजरात को दिलाई रोमांचक जीत

Share to your loved once


नवी मुंबई.  सोफी डिवाइन ने तेज अर्धशतक लगाने के बाद आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी की और गुजरात जाइंट्स को महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स पर चार रन से रोमांचक जीत दिलाई. गुजरात ने दो मैचों में दूसरी जीत हासिल की है जबकि दिल्ली को दोनों मैचों में हार मिली है. गुजरात के 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (86 रन, 54 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और लॉरा वोलवार्ट (77 रन, 38 गेंद, नौ चौके, तीन छक्के) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच दूसरे विकेट की 90 रन की साझेदारी के बावजूद पांच विकेट पर 205 रन ही बना सकी.

दिल्ली को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ सात रन चाहिए थे और उसके सात विकेट बाकी थे, लेकिन डिवाइन ने वोलवार्ट और कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (15) को आउट कर अपनी टीम को जीत दिला दी. गुजरात की तरफ से डिवाइन ने 21 रन देकर दो विकेट और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 34 रन देकर दो विकेट लिए. गुजरात जाइंट्स ने डिवाइन (95 रन, 42 गेंद, आठ छक्के, सात चौके) और कप्तान एशलेग गार्डनर (49 रन, 26 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) की पारियों से 209 रन बनाए.

जेमिमा की टीम को लगातार दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा.

डिवाइन ने बेथ मूनी (19) के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी भी की. दिल्ली की तरफ से नंदिनी शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने अपने तीसरे डब्ल्यूपीएल मैच में 33 रन देकर पांच विकेट लिए. उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में हैट्रिक सहित चार विकेट लेकर गुजरात की पारी को समेटा. श्री चरणी और चिनेल हेनरी ने दो-दो विकेट लिए लेकिन अपने चार ओवरों में क्रमशः 42 और 43 रन दिए. रेणुका सिंह ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर लिजेल का कैच छोड़ दिया जिसका लिजेल ने पूरा फायदा उठाया. उन्होंने रेणुका पर चौका और छक्का लगाया और अगले ओवर में केशवी पर भी दो चौके मारे.

शेफाली वर्मा (14) ने भी डिवाइन और केशवी पर चौके मारे लेकिन राजेश्वरी गायकवाड़ ने उन्हें बोल्ड कर दिया. दिल्ली कैपिटल्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 47 रन बनाए. लिजेल ने आठवें ओवर में जॉर्जिया वेयरहैम की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने डिवाइन पर भी दो चौके मारे. दिल्ली के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ.

लिजेल ने वेयरहैम की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर रन गति बढ़ाई. उन्होंने अगले ओवर में केशवी पर चौका लगाया लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर डिवाइन को कैच दे बैठीं. दिल्ली को आखिरी पांच ओवर में जीत के लिए 77 रन चाहिए थे. वोलवार्ट और हेनरी (07) ने राजेश्वरी पर छक्के मारे लेकिन हेनरी इसी ओवर में गार्डनर को कैच दे बैठीं. कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने राजेश्वरी पर चौका लगाकर खाता खोला. वोलवार्ट ने तनुजा कंवर पर दो चौके मारे और फिर 18वें ओवर में गार्डनर पर तीन चौके और एक छक्के से 19 रन लेकर मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने इस दौरान 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 29 रन चाहिए थे. वोलवार्ट और जेमिमा ने केशवी के अगले ओवर में 22 रन लिए जिससे दिल्ली को आखिरी ओवर में सात रन चाहिए थे. डिवाइन ने हालांकि आखिरी ओवर में जेमिमा और वोलवार्ट को आउट कर गुजरात की जीत पक्की कर दी. इससे पहले दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद डिवाइन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. मूनी ने मारिजेन कैप की पहली गेंद पर चौका लगाया जबकि डिवाइन ने हेनरी पर दो चौके मारे. डिवाइन ने नंदिनी का स्वागत लगातार दो चौकों और एक छक्के के साथ किया.

उन्होंने छठे ओवर में स्नेह राणा पर लगातार दो चौकों और चार छक्कों से 32 रन जोड़े जो डब्ल्यूपीएल के इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ. डिवाइन ने इस दौरान 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 80 रन तक पहुंचाया. श्री चरणी ने नौवें ओवर में मूनी को अपनी ही गेंद पर पकड़कर गुजरात को पहला झटका दिया लेकिन डिवाइन ने इसी ओवर में तीन छक्कों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया. जॉर्जिया वेयरहैम भी सिर्फ तीन रन बनाकर चरणी का शिकार बनीं.

अनुष्का शर्मा (13) ने शेफाली वर्मा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाया लेकिन अगली गेंद पर नंदिनी को कैच दे बैठीं. मीनू मणि की गेंद पर भारती फुलमाली (03) को जीवनदान मिला लेकिन वह अगले ओवर में हेनरी की गेंद पर वोलवार्ट को कैच दे बैठीं. एशलेग गार्डनर ने इस बीच मीनू और चरणी पर छक्के मारे. उन्होंने हेनरी पर भी छक्का लगाया लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर वोलवार्ट को कैच दे बैठीं.

नंदिनी शर्मा ने गुजरात के खिलाफ एक ओवर में हैट्रिक सहित चार विकेट लेकर मचाया तहलका.

नंदिनी ने आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर केशवी गौतम (14) को आउट किया और फिर आखिरी तीन गेंदों पर कनिका आहूजा (04), राजेश्वरी गायकवाड़ (00) और रेणुका सिंह (00) को आउट कर हैट्रिक पूरी की. सुधीर.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP