Karnataka Crime News | Karnataka Man Kills Father Over Marriage Dispute- खुद दो-दो बीवी रखे हो लेकिन हमारी फिक्र नहीं… शादी न होने पर भड़का बेटा, पिता को दी दर्दनाक सजा
Karnataka Crime News: बच्चों की शादी को लेकर कई बार माता-पिता देरी करते हैं. यह देरी कई कारणों से होती है. लेकिन जरा सोचिए कि शादी की देरी पर बच्चें गुस्सा हो जाएं. यह थोड़ा अटपटा पढ़ने में जरूर लगता है लेकिन ऐसा भी होता है. हालांकि कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से जो खबर आई है उसे पढ़ने के बाद आप सोचने पर जरूर मजबूर हो जाएंगे. चित्रदुर्ग से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शादी न कराए जाने के गुस्से में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. आरोपी बेटे का आरोप था कि उसके पिता ने दो-दो शादियां कीं, लेकिन 35 साल की उम्र होने के बावजूद उसकी शादी को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई. इसी लंबे समय से चल रहे तनाव ने आखिरकार खौफनाक रूप ले लिया.
यह मामला सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज में शादी, पारिवारिक दबाव और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से जुड़ी गहरी मानसिक उलझनों की ओर भी इशारा करता है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पिता पर उस वक्त हमला किया, जब वे गहरी नींद में थे. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बनी हुई है.
क्या है पूरा मामला?
यह वारदात चित्रदुर्ग जिले के होसदुर्गा कस्बे में बुधवार देर रात हुई. आरोपी की पहचान एस. निंगराजा (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान है. मृतक पिता का नाम टी. सन्ननिंगप्पा बताया गया है. पुलिस के अनुसार निंगराजा ने अपने पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया. इससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई. परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
क्यों भड़का बेटा? शादी बना विवाद की जड़
शिकायत के मुताबिक निंगराजा अपने पिता से इस बात को लेकर नाराज था कि उसकी शादी अब तक नहीं कराई गई. गांव में उसके हमउम्र लोग शादीशुदा थे और बच्चे भी थे, जबकि वह खुद अविवाहित था. उसे इस बात से भी गहरी नाराजगी थी कि उसके पिता ने दो शादियां की थीं, लेकिन उसके भविष्य को लेकर गंभीर नहीं रहे. यही नाराजगी धीरे-धीरे गुस्से में बदली और फिर हिंसा में बदल गई.
बुधवार शाम को पिता-पुत्र के बीच खाने के दौरान फिर बहस हुई. (AI फोटो)
कैसे हुआ हमला?
पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार शाम को पिता-पुत्र के बीच खाने के दौरान फिर बहस हुई. आरोपी ने कथित तौर पर पिता को धमकी भी दी थी. रात में जब सन्ननिंगप्पा सो रहे थे तभी निंगराजा ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया. इस हमले की जानकारी सबसे पहले आरोपी के बड़े भाई एस. मरुति को मिली. उन्होंने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा था तनाव
मरुति ने पुलिस को बताया कि उनके पिता अक्सर निंगराजा को आलसी रवैये और खेती करने में गंभीरता न दिखाने को लेकर डांटते थे. इन रोज-रोज की फटकारों से घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था. पुलिस का मानना है कि यही पारिवारिक तनाव इस घटना की बड़ी वजह बना.
अब तक की जांच में क्या सामने आया?
- आरोपी निंगराजा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
- हत्या का केस दर्ज, आगे की जांच जारी.
- वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड की तलाश.
- पारिवारिक विवाद और मानसिक दबाव की जांच.
- पड़ोसियों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज.
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सुनियोजित नहीं बल्कि गुस्से और लंबे समय से जमा तनाव का नतीजा प्रतीत होता है. हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी.
इकलौती घटना नहीं, पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
पुलिस ने बताया कि हाल ही में उत्तर प्रदेश से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां जमीन विवाद में एक व्यक्ति ने अपने पिता, बहन और भांजी की हत्या कर दी थी. ये घटनाएं बताती हैं कि घरेलू विवाद अगर समय रहते नहीं सुलझे तो उनका अंजाम बेहद भयावह हो सकता है.