How to overcome vitamin D deficiency in winter: सर्दियों में धूप नहीं तो कैसे करें विटामिन डी की कमी दूर?
Last Updated:
Vitamin D deficiency in winter: सर्दियों के मौसम में धूप के दर्शन बिल्कुल न के बराबर होता है. किसी दिन सूरज की रोशनी आपकी त्वचा पर पड़ गई तो समझ लीजिए कि आपको उस दिन भरपूर विटामिन डी मिल गया. ठंड में लोग धूप के लिए तरस जाते हैं. हालांकि, सर्दियों के मौसम को छोड़ दें तो देश में बाकी अन्य मौसम में आपको हमेशा धूप दिखाई देगी. गर्मी में तो प्रचंड सूरज की किरणों से लोगों का हाल बेहाल हो जाता है. बावजूद इसके, भारत में हर चौथा इंसान विटामिन डी की कमी से जूझ रहा है. आखिर ऐसे लोग, ठंड के दिनों में विटामिन डी की पूर्ति कैसे करें? आपको यहां बताते हैं कुछ ऐसे पौष्टिक और विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थों के बारे में, जिनके सेवन से आप विटामिन डी की कमी को दूर कर सकते हैं.

अभी पूरे देश में ठंड के कारण शीत लहर, धूप की कमी, घना कोहरा छाया हुआ है. धूप ना निकलने से शरीर को विटामिन डी की पूरी मात्रा भी नहीं मिल पाती है. ऐसे में विटामिन डी युक्त फूड्स का सेवन करना बहुत जरूरी है. इससे आपकी हड्डियां, दांत, मांसपेशियों को भी मजबूती और ताकत मिलेगी.

विटामिन डी की कमी होने से शरीर बेजान और कमजोर हो जाती है. विटामिन डी की कमी के नुकसान नजर आने लगते हैं. इससे आपकी हड्डियां, दांत, रोग प्रतिरोधक क्षमता, मांसपेशियां सभी बुरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं. सर्दियों में वात दोष की वृद्धि तेजी से होती है. विटामिन डी की कमी जोड़ों के दर्द के लिए भी जिम्मेदार होती है.

शरीर में विटामिन डी दो तरह से मौजूद होता है, एक विटामिन डी-3 और दूसरा विटामिन डी-2. जब आप धूप में रहते हैं तो इससे शरीर में विटामिन डी-3 बनता है. वहीं, विटामिन डी-2 आप फूड्स और सप्लीमेंट से प्राप्त कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रतिदिन एक वयस्क को 600 से 800 आईयू, 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 800-1000 आईयू, प्रेग्नेंट महिलाओं को 800-1000 आईयू और बच्चों को 400 आईयू विटामिन डी की जरूरत होती है. जब कोई व्यक्ति विटामिन डी की जांच कराता है तो ब्लड में विटामिन डी की मात्रा 30 से 50 एनजी/एमएल होना बेहद जरूरी है. इससे कम होने का मतलब है कि आपके शरीर में विटामिन डी की कमी है.

वैसे तो धूप विटामिन डी पाने का मुख्य सोर्स है. इसके बिना विटामिन डी की पूर्ति प्रॉपर तरीके से नहीं की जा सकती है. हालांकि, धूप की कमी होने पर आप विटामिन डी की पूर्ति के लिए फोर्टिफाइड फूड का सेवन कर सकते हैं. इनमें मिनरल्स, विटामिंस और अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं. आहार में फोर्टिफाइड दूध, अनाज, बादाम, सोया को जरूर शामिल करें.

मशरूम के सेवन से भी आप विटामिन डी की कमी को दूर कर सकते हैं. मशरूम में भरपूर मात्रा में विटामिन डी-2 होता है. इसके लिए मशरूम को मसालों के साथ न पकाएं, बल्कि उबालकर सलाद के रूप में ले सकते हैं. हल्के घी, जीरे और नमक के साथ शैलो फ्राई कर सकते हैं.

इसके साथ ही आप डॉक्टर की सलाह के साथ सप्लीमेंट ले सकते हैं. विटामिन डी की कमी को पूरा करने के लिए डॉक्टर सप्ताह और महीने में एक बार विटामिन का सेवन करने की सलाह देते हैं. इस तरह से भी आप विटामिन डी की कमी को दूर कर सकते हैं.

आप रेगुलर दूध और दही का सेवन जरूर करें. इन दोनों में ही विटामिन डी भरपूर होता है. दूध और दही का सेवन हड्डियों और जोड़ों को मजबूत बनाते हैं. विटामिन डी के साथ कैल्शियम भी जरूरी है. ये दोनों को साथ में लेने से दोगुना फायदा शरीर को मिलता है, क्योंकि कैल्शियम विटामिन डी के अवशोषण को बढ़ा देता है.