Angel Falls Venezuela: दुनिया का सबसे ऊंचा वाटरफॉल
Last Updated:
एंजेल फॉल्स वेनेजुएला के कैनाइमा नेशनल पार्क में स्थित दुनिया का सबसे ऊंचा झरना है, जिसका नाम जिमी एंजेल के नाम पर पड़ा और इसे साल्टो एंजेल भी कहा जाता है.

वेनेजुएला में स्थित एंजेल फॉल्स दुनिया का सबसे ऊंचा झरना है. यह कैनाइमा नेशनल पार्क में औयान-तेपुई पहाड़ से लगभग 3,212 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरता है. इसकी सीधी गिरावट और चारों ओर फैला घना जंगल इसे धरती के सबसे अद्भुत प्राकृतिक अजूबों में से एक बनाता है.

एंजेल फॉल्स को लोकल लैंग्वेज साल्टो एंजेल या पेमोन भाषा में केरेपाकुपाई वेना कहा जाता है. यह झरना केरेपाकुपाई मेरू नदी से बनता है, जो औयान-तेपुई नामक टेबल माउंटेन के किनारे से नीचे गिरती है. झरने की सीधी गिरावट 807 मीटर है, जो इसे दुनिया का सबसे ऊंचा बिना रुके गिरने वाला झरना बनाती है.

इस झरने का नाम अमेरिकी पायलट जिमी एंजेल के नाम पर पड़ा, जिन्होंने 1933 में सोने की तलाश के दौरान पहली बार इसे ऊपर से देखा था. बाद में उनका विमान पास ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उनका नाम इतिहास में दर्ज हो गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एंजेल फॉल्स तक पहुंचना अपने आप में एक रोमांच है. यह जगह बहुत दूर-दराज है और यहां केवल छोटे विमानों, नदी की नावों और जंगल ट्रेक के जरिए ही पहुंचा जा सकता है. ज्यादातर लोग स्यूदाद बोलिवार या कैनाइमा गांव से यात्रा शुरू करते हैं. इसके बाद नदी में नाव की सवारी और घने जंगलों में पैदल चलना पड़ता है. सफर मुश्किल जरूर है, लेकिन सामने दुनिया का सबसे ऊंचा झरना देखना एक अनमोल अनुभव होता है.

एंजेल फॉल्स घूमने का सबसे अच्छा समय जून से नवंबर तक का बरसाती मौसम है, जब पानी का बहाव सबसे तेज होता है. सूखे मौसम में झरना पतला हो सकता है, लेकिन पहाड़ की ऊंचाई तब भी बेहद शानदार लगती है.

कैनाइमा नेशनल पार्क एक बड़ा प्राकृतिक क्षेत्र है, जहां पहाड़, नदियां, झीलें और कई तरह के जानवर पाए जाते हैं.

यहां ठहरने के लिए साधारण लॉज और कैंप उपलब्ध हैं. पेमोन आदिवासी समुदाय ट्रैवल को गाइड करते हैं और इस इलाके की देखभाल करते हैं.

एंजेल फॉल्स उन लोगों के लिए एक बेस्ट टूरिस्ट डेस्टिनेशन है, जो प्रकृति की रॉ ब्यूटी को महसूस करना चाहते हैं. एडवेंचर पसंद लोगों के लिए भी ये जगह खास है, क्योंकि यहां पहुंचने के लिए जंगल से गुजरना पड़ता है.