UP Woman Letter to PM Modi: ‘आभार मोदी जी…’ यूपी की महिला ने लिखी भावुक चिट्ठी, 15 मिनट में घर पहुंचे सिलेंडर की कहानी सुन PM भी हुए गदगद
नई दिल्ली: सरकारी योजनाएं जब फाइलों और घोषणाओं से निकलकर आम लोगों की रसोई तक पहुंचती हैं, तब उनका असर सिर्फ आंकड़ों में नहीं, जिंदगी में दिखता है. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की एक आम गृहिणी अरुणा श्री की चिट्ठी ने यही तस्वीर सामने रखी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे इस पत्र में अरुणा श्री ने बताया कि उज्ज्वला योजना और डबल इंजन सरकार की व्यवस्थाओं ने कैसे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान, सुरक्षित और सम्मानजनक बना दिया.
इस भावुक पत्र का जवाब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया. अपने उत्तर में पीएम ने लिखा कि करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों का आशीर्वाद और स्नेह उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और ताकत है. एक सामान्य महिला के अनुभव से जुड़ी यह कहानी उस ‘विकसित भारत’ की झलक देती है. इसकी चर्चा अक्सर मंचों और भाषणों में होती है.
क्या है पूरी कहानी?
लखीमपुर खीरी की रहने वाली अरुणा श्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपने जीवन के अनुभव साझा किए. उन्होंने लिखा कि उनकी शादी साल 2004 में हुई थी, जब रसोई गैस कनेक्शन मिलना आसान नहीं था. गैस एजेंसी के चक्कर, लंबी लाइनें, सिफारिशें और कई बार मजबूरी में ब्लैक में सिलेंडर खरीदना आम बात थी. इससे न सिर्फ आर्थिक बोझ बढ़ता था बल्कि मानसिक तनाव भी बना रहता था.
2014 के बाद क्या बदला?
अरुणा श्री के मुताबिक 2014 के बाद उज्ज्वला योजना के आने से हालात पूरी तरह बदल गए. मुफ्त गैस कनेक्शन, मोबाइल से बुकिंग, घर तक सिलेंडर की डिलीवरी और सब्सिडी का सीधे बैंक खाते में आना इन सभी व्यवस्थाओं ने आम महिलाओं की रसोई को राहत दी. उन्होंने लिखा कि अब गैस की चिंता नहीं रहती और खाना बनाना सुरक्षित और आसान हो गया है.
15 मिनट में सिलेंडर पहुंचने की घटना क्यों खास है?
अपने पत्र में अरुणा श्री ने एक छोटी-सी लेकिन बेहद अहम घटना का जिक्र किया. एक दिन खाना बनाते वक्त अचानक गैस खत्म हो गई. पहले ऐसे हालात में पूरा काम रुक जाता था. लेकिन इस बार उनके पति ने सिर्फ एक फोन किया और महज 15 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर घर पहुंच गया. अरुणा ने लिखा कि भले ही यह बात छोटी लगे, लेकिन ऐसे छोटे बदलाव ही महिलाओं की जिंदगी में बड़ा सुकून और आत्मविश्वास लाते हैं.
डबल इंजन सरकार से क्या उम्मीदें जुड़ी हैं?
अरुणा श्री ने अपने पत्र में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार की योजनाओं की तारीफ की. उन्होंने लिखा कि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी डिलीवरी जमीन पर साफ नजर आती है. उज्ज्वला योजना के साथ-साथ बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं ने आम परिवारों की जिंदगी को बेहतर बनाया है.
प्रधानमंत्री ने जवाब में क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणा श्री के पत्र के जवाब में लिखा, ‘हमारे प्रयासों से आपके जीवन में जो सुखद बदलाव आए हैं, उन्हें पत्र के जरिए मुझसे साझा करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद.’ उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों का आशीर्वाद और स्नेह उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए नई ऊर्जा देता है.
महिला सशक्तिकरण पर PM का जोर
अपने पत्र में पीएम मोदी ने उज्ज्वला योजना, बिजली, पानी, शौचालय, पक्का मकान, बैंकिंग सुविधा और मुद्रा योजना जैसी पहलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से महिलाएं सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं. प्रधानमंत्री ने महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ते भारत पर गर्व जताया और कहा कि यह देश की सबसे बड़ी ताकत है.
क्यों खास है यह पत्र?
अरुणा श्री का पत्र किसी आंकड़े या रिपोर्ट की तरह नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत की तरह है. यह दिखाता है कि जब सरकारी नीतियां सही तरीके से आमजन तक पहुंचती हैं, तो वे सिर्फ योजनाएं नहीं रह जातीं, बल्कि लोगों के जीवन में सम्मान, संतोष और भरोसा पैदा करती हैं. यही विकसित भारत की असली तस्वीर है.