Guava Chutney Recipe। अमरूद की चटनी कैसे बनाएं

Share to your loved once


Guava Chutney Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरे-पीले अमरूदों की भरमार देखने को मिलती है. ठंडी हवा, धूप और हाथ में ताजा अमरूद… ये कॉम्बिनेशन हर किसी को पसंद आता है. अमरूद सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि सेहत से भरपूर एक ऐसा तोहफा है जिसे सर्दियों की डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए. इसमें फाइबर, विटामिन C और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो पेट को दुरुस्त रखने से लेकर इम्युनिटी मजबूत करने तक में मदद करते हैं. अकसर लोग अमरूद को नमक लगाकर या ऐसे ही काटकर खा लेते हैं, लेकिन अगर इसी अमरूद से चटनी बना ली जाए, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

अमरूद की चटनी खट्टी-मीठी होने के साथ हल्की तीखी भी होती है, जो किसी भी सादे खाने को मजेदार बना देती है. खास बात ये है कि इसे बनाना ज्यादा समय नहीं लेता और इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती. सर्दियों में पराठे, रोटी, दाल-चावल या फिर मूंगफली और मक्के के पकौड़ों के साथ अमरूद की चटनी कमाल का स्वाद देती है. यही नहीं, जो लोग बाहर का चटपटा खाना खाने से बचते हैं, उनके लिए ये चटनी एक हेल्दी ऑप्शन बन सकती है. घर पर बनी होने की वजह से इसमें साफ-सफाई और स्वाद दोनों का भरोसा रहता है. अगर आप भी सर्दियों में कुछ नया और टेस्टी ट्राय करना चाहते हैं, तो अमरूद की चटनी जरूर बनाएं.

अमरूद की चटनी क्यों है सेहत के लिए फायदेमंद
अमरूद में मौजूद फाइबर पेट की सफाई में मदद करता है और कब्ज जैसी दिक्कत से राहत देता है. सर्दियों में अकसर पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में अमरूद की चटनी काफी काम की साबित होती है. इसमें डाला गया हरा धनिया और अदरक पेट को हल्का रखता है, जबकि नींबू का रस शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है. काला नमक और भुना जीरा पाचन को और बेहतर बनाते हैं.

अमरूद की खट्टी-मीठी चटनी के लिए जरूरी सामाग्री
-अमरूद: 2 मध्यम आकार के
-हरा धनिया: 1 कप (बारीक कटा हुआ)
-हरी मिर्च: 2-3 (स्वाद के हिसाब से)
-अदरक: 1 इंच का टुकड़ा
-नींबू का रस: 1 बड़ा चम्मच
-भुना जीरा पाउडर: ½ छोटा चम्मच
-काला नमक: ½ छोटा चम्मच
-सादा नमक: स्वाद के हिसाब से
-चीनी या गुड़: 1 छोटा चम्मच

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अमरूद की चटनी बनाने की आसान विधि

स्टेप 1
सबसे पहले अमरूद को अच्छे से धोकर साफ कर लें. ऊपर-नीचे का हिस्सा काटकर हटा दें और फिर अमरूद को छोटे टुकड़ों में काट लें. अगर बीज ज्यादा सख्त लगें, तो बीच का हिस्सा निकाल सकते हैं.

स्टेप 2
अब मिक्सर जार में कटे हुए अमरूद, हरा धनिया, हरी मिर्च और अदरक डालें. इसमें काला नमक, सादा नमक, भुना जीरा पाउडर और चीनी या गुड़ डाल दें. 2-3 चम्मच पानी डालकर इसे हल्का दरदरा या स्मूद, जैसा आपको पसंद हो, वैसा पीस लें.

स्टेप 3
तैयार चटनी को एक बाउल में निकालें और ऊपर से नींबू का रस डालकर अच्छे से मिला लें. आपकी सर्दियों वाली टेस्टी अमरूद की चटनी तैयार है.

चटनी को और टेस्टी बनाने के आसान टिप्स
अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद है, तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. हल्की स्मोकी खुशबू के लिए ऊपर से थोड़ा सा भुना जीरा साबुत पीसकर डाल सकते हैं. ज्यादा खट्टा स्वाद चाहिए, तो नींबू की जगह थोड़ा सा कच्चा आम भी मिला सकते हैं. चटनी को 1-2 दिन फ्रिज में रखा जा सकता है, स्वाद और भी अच्छा हो जाता है.

किन चीजों के साथ खाएं अमरूद की चटनी
अमरूद की चटनी पराठे, आलू के पकौड़े, मूंग दाल के चीले, दाल-चावल या सिंपल रोटी के साथ खूब जमती है. सर्दियों में ये चटनी हर रोज के खाने में नया स्वाद जोड़ देती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP