Pilibhit News : ठंड में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, धनाराघाट पर शुरू हुआ माघ मेला
Last Updated:
Pilibhit News : पीलीभीत के पूरनपुर तहसील स्थित धनाराघाट पर माघ मास के अवसर पर भव्य मेला शुरू हो गया है. कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु शारदा नदी में स्नान कर दान-पुण्य कर रहे हैं, वहीं हजारों की संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु कल्पवास और भजन-कीर्तन में लीन हैं.
पीलीभीत. उत्तर प्रदेश के तराई जिले पीलीभीत में अध्यात्म और लोक संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिल रही है. जनपद की दो प्रमुख जीवनदायिनी नदियों, देवहा और शारदा, का यहाँ के जनमानस में गहरा धार्मिक महत्व है. पूरनपुर तहसील स्थित शारदा नदी के पावन धनाराघाट पर माघ महीने के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन शुरू हो गया है. माघ मास की शुरुआत के साथ ही धनाराघाट के तट पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. कड़ाके की ठंड के बावजूद तड़के से ही श्रद्धालु शारदा नदी के शीतल जल में स्नान कर दान-पुण्य कर रहे हैं.
मान्यता है कि माघ के महीने में इस पवित्र नदी में स्नान करने से दैहिक और मानसिक कष्टों से मुक्ति मिलती है. इस मेले की सबसे बड़ी विशेषता यहाँ होने वाला कल्पवास है. धनाराघाट के रेतीले तट पर हजारों की संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने अपनी झोपड़ियाँ (पर्णकुटी) डाल ली हैं. ये कल्पवासी पूरे एक महीने तक सात्विक जीवन व्यतीत करते हुए भजन-कीर्तन और साधना में लीन रहते हैं.
मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मेला क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मेले में दूर-दराज से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाई हैं, जहां घरेलू सामान से लेकर बच्चों के खिलौनों तक की भारी मांग है. शाम के समय दीपदान और आरती के दृश्य धनाराघाट पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र है.
आधुनिकता के दौर जीवित है सनातन परंपरा
पीलीभीत जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों द्वारा मेले के सफल संचालन हेतु प्रयास किए जा रहे हैं. शारदा नदी के तट पर लगने वाला ये मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक हैं, बल्कि ये आपसी भाईचारे और तराई की समृद्ध विरासत को भी संजोए हुए हैं. हजारों की संख्या में उमड़ने वाली यह भीड़ सिद्ध करती है कि आज भी आधुनिकता के दौर में सनातन परंपराएं और अध्यात्म के प्रति लोगों का अटूट विश्वास कायम है.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें