लक्ष्मी नगर ट्रिपल मर्डर का आरोपी साइको, पिता ने बताई वारदात की कहानी, क्या बेटे-बहू ने खत्म किया परिवार? | laxmi nagar triple murder case | yashveer singh wife involvement mystery | delhi police investigation inside story

Share to your loved once


नई दिल्ली. 5 जनवरी को दिल्ली के लक्ष्मी नगर में मां, बहन और छोटे भाई को मारने वाला शख्स साइको है? क्या आरोपी शख्स ने पत्नी की बातों में आकर मां, बहन और छोटे भाई की हत्या कर दी? क्या आरोपी की पत्नी भी साइको है? घटना के 48 घंटे बाद दिल्ली पुलिस की जांच किस दिशा में जा रही है? आरोपी के पिता ने क्यों किया हैरान करने वाला खुलासा? लक्ष्मी नगर के मंगल बाजार इलाके में सोमवार को हुए तिहरे हत्याकांड में आरोपी यशवीर के पिता धर्मवीर ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. धर्मवीर ने घर की आर्थिक स्थिति खराब होने से इंकार किया है. धर्मवीर के इस खुलासे के बाद दिल्ली पुलिस की जांच आरोपी और उसकी पत्नी की तरफ मुड़ गई है. जानते हैं दिल्ली पुलिस अब सामूहिक नरसंहार करने वाले यशवीर के साथ क्या करने वाली है। आइए इस पूरे मामले की इनसाइड स्टोरी को प्रश्न और उत्तर के जरिए समझते हैं.

प्रश्न 1- क्या यशवीर ने पत्नी की बात में आकर पूरे परिवार को खत्म कर दिया?

उत्तर: दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच और आरोपी के पिता के बयानों में यह एक बड़ा सवाल बनकर उभरा है. यशवीर के पिता धर्मवीर सिंह ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि उनके बेटे और बहू सोनी ने मिलकर इस हत्याकांड की साजिश रची होगी. हालांकि, यशवीर की पत्नी का दावा अलग है. उसने पुलिस को बताया कि वह यशवीर की जुए और नशे की आदतों से परेशान थी और वारदात से एक दिन पहले ही यानी रविवार को ही घर छोड़कर चली गई थी. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पत्नी का घर छोड़ना महज एक इत्तेफाक था या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा

प्रश्न 2- आरोपी यशवीर के पिता का इस पूरे मामले पर क्या कहना है?

उत्तर: आरोपी के पिता धर्मवीर, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, ने इस घटना के पीछे आर्थिक तंगी की थ्योरी को पूरी तरह नकार दिया है. उन्होंने बताया कि यशवीर ने पिछले कुछ समय में करोड़ों की पुश्तैनी जायदाद बेची थी. दो महीने पहले ही उसने पानीपत के पास गांव का घर 60 लाख रुपये में बेचा था और इससे पहले भी वह करीब 1 करोड़ रुपये की संपत्ति बेच चुका था. धर्मवीर का कहना है कि उन्होंने रविवार को ही यशवीर को 5,000 रुपये भेजे थे और उन्होंने अपनी पत्नी मृतक कविता से बात भी की थी. तब सबकुछ ठीक लग रहा था. उन्हें शक है कि यशवीर और उसकी पत्नी ने मिलकर जायदाद के लालच में या किसी और गुप्त रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है.

प्रश्न 3- यशवीर और उसकी पत्नी की मुलाकात कब और कैसे हुई थी?

उत्तर: यशवीर और उसकी पत्नी की मुलाकात साल 2017-18 के दौरान हुई थी. उस समय यशवीर वेटलिफ्टिंग में सक्रिय था और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेता था. साल 2017-18 में हाथ में चोट लगने के कारण उसका खेल करियर खत्म हो गया. इसके बाद वह उस लड़की के करीब आया और साल 2020 में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया. चूंकि लड़की दूसरे समुदाय से थी, इसलिए पिता धर्मवीर इस शादी से खुश नहीं थे और अलग रहते थे.

प्रश्न 4- क्या आरोपी यशवीर और उसकी पत्नी साइको यानी मानसिक रोगी हैं?

उत्तर: पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यशवीर के व्यवहार में सनकी लक्षण देखे गए हैं. वह बार-बार अपने बयान बदल रहा है. कभी वह कहता है कि मां ने ही उसे जहर देने के लिए उकसाया तो कभी आर्थिक तंगी का रोना रोता है. उसने यह भी दावा किया कि उसने 1.5 करोड़ रुपये का बीमा कराया था और खुद को एक्सीडेंट में मारने की कोशिश की थी ताकि परिवार को पैसे मिल सकें. पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से मानसिक दबाव में था. जहां तक पत्नी की बात है, पुलिस उसे भी जांच के घेरे में रखकर उसकी मानसिक स्थिति और संलिप्तता की पड़ताल कर रही है.

प्रश्न 5- दिल्ली पुलिस इस तिहरे हत्याकांड की जांच कैसे कर रही है?

उत्तर: पूर्वी दिल्ली के डीसीपी अभिषेक धानिया के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें इस केस पर काम कर रही हैं.

फॉरेंसिक जांच- मौके से धतूरा मिले हुए लड्डू और सल्फास की गोलियों के पैकेट बरामद किए गए हैं. विसरा रिपोर्ट का इंतजार है ताकि जहर की पुष्टि हो सके.

तकनीकी विश्लेषण- यशवीर और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन कॉल रिकॉर्ड्स यानी CDR खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि हत्या से पहले और बाद में उनकी क्या बात हुई.

बयानों का मिलान- पिता, पत्नी और पड़ोसियों के बयानों में जो विरोधाभास है, पुलिस उसे सुलझाने में जुटी है. पुलिस यह भी देख रही है कि 7 महीने का किराया न दे पाने का दावा कितना सच है, जबकि पिता करोड़ों की संपत्ति बेचने की बात कह रहे हैं.

प्रश्न 6- वारदात का खौफनाक तरीका क्या था?

उत्तर: यशवीर ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच उसने अपनी मां कविता, बहन मेघना और भाई मुकुल को लड्डू खिलाए, जिसमें उसने मंदिर से लाया हुआ धतूरा पीसकर मिलाया था. जब तीनों बेहोश होकर गिर गए, तो उसने पक्के तौर पर उन्हें मारने के लिए मफलर से तीनों का गला घोंट दिया. इसके बाद वह घर में बैठा रहा और शाम 5 बजे खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया.

मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि लक्ष्मी नगर की यह घटना समाज में रिश्तों के बीच बढ़ती खाई और युवाओं में बढ़ते अपराध व मानसिक विचलन का एक डरावना उदाहरण है. इस बीच दिल्ली पुलिस जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP