गोमती नदी पर चलेगी वॉटर मेट्रो, लखनऊ को मिलेगा जाम से छुटकारा, यूपी के 5 शहरों में जर्मनी जैसी सुविधा देने की तैयारी
Last Updated:
Water Metro in UP : केरल के कोच्चि शहर की तर्ज पर लखनऊ में भी वॉटर मेट्रो चलाने की तैयारी है. इसके लिए निरीक्षण का काम भी पूरा हो चुका है और जल्द ही सरकार को डीपीआर सौंप दी जाएगी. इसके बाद सरकार बजट जारी करेगी और काम शुरू हो जाएगा. लखनऊ की तरह यूपी के 4 और शहरों में वॉटर मेट्रो चलाने पर बात चल रही है.
कोच्चि की तरह लखनऊ में भी वॉटर मेट्रो चलाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. नई दिल्ली. यूपी की राजधानी लखनऊ को जल्द ही वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है. यहां जर्मनी की तर्ज पर गोमती नदी की लहरों पर वॉटर मेट्रो चलाने की रूपरेखा तैयार हो चुकी है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद लखनऊ वालों को जाम से तो छुटकारा मिलेगा ही, यहां के लोगों को पर्यटन का भी एक और विकल्प मिल जाएगा. इस सुविधा के शुरू होने के बाद लखनऊ भी देश के उन खास शहरों में शामिल हो जाएगा, जहां सड़क और रेल सुविधा के साथ जल परिवहन की भी आधुनिक सर्विस मिलने लगेगी. सरकार ने यूपी के 5 शहरों में ऐसी ही सुविधाएं देने की तैयारी कर ली है.
लखनऊ में पिछले दिनों यूपी के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक संजय कुमार से मुलाकात कर लखनऊ में वॉटर मेट्रो चलाने को लेकर बातचीत की है. कोच्चि में अभी वॉटर मेट्रो चलाई जा रही है और इसी तर्ज पर लखनऊ में भी ऐसी ही सुविधा शुरू करने की तैयारी है. यही वजह है कि सरकार ने कोच्चि वॉटर मेट्रो के निदेशक को बुलाकर इस पर बातचीत की है. उन्होंने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ गोमती नदी में वॉटर मेट्रो चलाने को लेकर जांच भी की और बताया कि यहां ऐसी सुविधा उपलब्ध कराना पूरी तरह संभव है. उनकी रिपोर्ट के बाद सरकार ने जल्द ही इस पर काम शुरू करने का निर्देश भी जारी कर दिया है.
कैसे तैयार होगी परियोजना की डीपीआर
कोच्चि वॉटर मेट्रो के निदेशक ने बताया कि सबसे पहले नदी में सुरक्षित सफर के लिए संकेत और नेविगेशन सुविधाएं विकसित की जाएंगी. फिर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाएगा, ताकि बोट के आपस में टकराने जैसी स्थिति से बचा जा सके. इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, पर्यावरण पर इसका प्रभाव, नावों को रोकने के लिए टर्मिनल और पूरे रास्ते में बिजली की व्यवस्था को लेकर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इसके आधार पर ही सरकार से बजट पास कराने काम शुरू होगा. साथ ही बोट चार्जर और फायर प्रोटेक्शन सिस्टम जैसी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा.
कोच्चि में 2 साल पहले हुई शुरुआत
यूपी में भले ही वॉटर मेट्रो चलाने की तैयारियां अभी शुरुआती स्तर पर हैं, लेकिन केरल के कोच्चि शहर में यह सुविधा 2 साल पहले 2023 में ही शुरू हो चुकी है. वहां अब तक लाखों लोग इसके सफर का आनंद उठा चुके हैं, जबकि कोच्चि वॉटर मेट्रो से शहर के 90 से ज्यादा द्वीपों को आपस में जोड़ने में सफलता मिली है और इनके बीच आवाजाही काफी आसान हो गई है. पहले जहां इन द्वीपों के बीच सफर में घंटों लग जाते थे, अब कुछ ही मिनट में पहुंचना संभव हो सका है.
लखनऊ के किन इलाकों को फायदा
लखनऊ में वॉटर मेट्रो चलने से गोमती नदी के किनारे वाले इलाकों जैसे गोमती नगर, झूलेलाल पार्क, केजीएमयू जैसे प्रमुख इलाकों को तो फायदा मिलेगा ही, इमामबाड़ा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा. इससे गोमती नदी के किनारों वाले इलाकों में रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी आएगी. शहर के लोगों के लिए भी अमीनाबाद, चौक, ठाकुरगंज, बालागंज और हजरतगंज जैसे इलाकों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा और लोगों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें