सब्जी-पकौड़ी बहुत खा चुके, एक बार बनाएं ओल की चटनी, खास मौकों पर पीसी जाती है, खाने का स्वाद बढ़ाती बेहिसाब! – Bihar News
Last Updated:
Ol Chutney Recipe: मिथिलांचल में ओल की चटनी पर्व-त्योहार में तो बनती ही है, मेहमानों के आने पर भी इसे खासतौर से बनाया जाता है. इसमें मुख्य रूप से ओल यानी सूरन या जिमिकंद के अलावा नींबू, राई, धनिया पत्ता और हरी मिर्च का इस्तेमाल होता है.
मधुबनी. खाने-पीने की शौकीन लोगों को हमेशा चाहत होती है कि चावल-दाल, सब्जी के साथ या रोटी के साथ कोई स्वादिष्ट चटनी मिल जाए, जिससे खाने का स्वाद और बढ़ जाए. ऐसे में आज हम आपको ओल की स्वादिष्ट चटनी की रेसिपी बता रहे हैं, वह भी कुछ ही मिनट में बनकर तैयार होने वाली. इससे रोज का सिंपल खाना भी कमाल लगने लगेगा और सब चटखारे लेकर खाएंगे.
रेसिपी समझिए
मिथिलांचल में ओल की चटनी को लोग बहुत ही अच्छा मानते हैं. किसी विशेष पर्व-त्योहार से लेकर आम दिनों में भी हर घर में ओल की चटनी बनाई जाती है. ऐसे में आज हम आपको मिथिलांचल स्टाइल में ओल की चटनी कैसे बनती है, वह बता रहे हैं. ओल की चटनी बनाने से पहले यह जान लें कि ओल दो तरह का होता है, एक देसी और एक विदेशी.
देसी ओल थोड़ा कड़वा होता है, जिसमें अधिक नींबू की जरूरत होती है, वहीं विदेशी ओल में कड़वापन कम होता है और इसमें नींबू का इस्तेमाल कम होता है. हालांकि पहचान के लिए एक थोड़ा सफेद और दूसरा थोड़ा लाल जैसा दिखता है.
सबसे पहले उबाल लें ओल
तो ऐसे में अगर आप देसी ओल ले रहे हैं, तो उसे अच्छे से धोकर टुकड़ों में काट लें और प्रेशर कुकर या किसी भी बर्तन में उबाल लें. उसके बाद उसे चोखे की तरह मैश कर दीजिए. स्वाद अनुसार नमक, कच्चा तेल, हल्दी, धनिया पत्ता और हरी मिर्च डालें और खूब सारा नींबू रस मिलाएं. साथ ही इसमें राई को थोड़ा सा भूनकर पीसकर डाल देते हैं. मिथिला स्टाइल में ओल की चटनी चावल-दाल के साथ खाने में बहुत अच्छी लगती है, साथ ही लोग इसे पूरी के साथ भी खाते हैं.
पर्व-त्योहार में विशेष
यहां विशेष रूप से लोग ओल की चटनी का इस्तेमाल तब भी करते हैं, जब किसी को दावत पर बुलाया जाता है या फिर जब शुद्ध खाना खाना हो, व्रत से पहले भी इसे खाया जाता है. पर्व-त्योहार में सात्विक भोजन के रूप में भी इसे खाया जाता है. बता दें कि वैसे तो ओल से बहुत सारी चीजें बनती हैं, जैसे सब्जी और पकौड़ा, लेकिन चटनी का स्वाद अलग ही होता है. ध्यान देने वाली बात यह है कि ओल की कोई भी डिश बनाएं, हर चीज में नींबू का इस्तेमाल किया जाता है. ओल कड़वा होता है और उस कड़वाहट को खत्म करने के लिए नींबू का इस्तेमाल किया जाता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें