Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में सर्दी का प्रचंड रूप, 6° तक पहुंचा पारा, ठंड-कोहरे से कंपकपा रहा यूपी बिहार
Weather Report: पूरे उत्तर और मध्य भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने शिकंजा और कस लिया है. मौसम लगाार बदल रहा है और हाड़ गलाने वाली ठंड से लोगों का बुरा हाल है. मैदानी इलाकों में घने कोहरे से आम-जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने कोहरे और ठंड से अभी राहत न मिलने की संभावना जताई है. लगातार बन रहे मौसमी प्रणाली जैसे कि पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी साथ पछुआ तेज हवाएं और पश्चिमी विक्षोभ के कम प्रभाव की वजह से ठंड से अभी राहत नहीं मिलने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कोल्ड वेव यानी कि शीतलहर और घने कोहरे छाए रहने की संभावना है.
नई दिल्ली में सर्दियों की एक सुबह घने कोहरे के बीच स्कूल जाते हुए बच्चे. (पीटीआई)
कोल्ड वेव की स्थिति
मैदानी इलाकों में शीतलहर की वजह से ‘रेड अलर्ट’ जैसी स्थिति बन गई है. मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड वेव’ (Cold Wave) की स्थिति बनी हुई है. तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा.
आज कैसा रहेगा मौसम-
- स्काईमेट वेदर के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी की संभावना है. उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में भी हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं.
- राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में पाला पड़ने की संभावना है.
- अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है.
- पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बन सकती है।
- 6 से 8 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और झारखंड के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर (कोल्ड वेव) चलने की संभावना है.