Palak Appe Recipe। पालक अप्पे रेसिपी

Share to your loved once


Palak Appe Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही हरी सब्जियों की भरमार शुरू हो जाती है और इन्हीं में से एक है पालक. ठंड के दिनों में पालक न सिर्फ आसानी से मिल जाता है, बल्कि इसका स्वाद और पोषण भी इस मौसम में सबसे अच्छा माना जाता है. सुबह-सुबह ठंडी हवा में जब रसोई से कुछ गरमा-गरम बनने की खुशबू आती है, तो दिन की शुरुआत अपने आप खास लगने लगती है. ऐसे में अगर नाश्ता स्वाद से भरपूर होने के साथ हल्का और जल्दी बनने वाला हो, तो मजा ही आ जाता है. अकसर लोग पालक से वही पुरानी सब्जी या दाल बनाकर बोर हो जाते हैं. बच्चों को तो पालक का नाम सुनते ही नाक-भौं सिकोड़ते देखा जाता है. लेकिन अगर इसी पालक को थोड़ा अलग तरीके से परोस दिया जाए, तो बच्चे ही नहीं, बड़े भी इसे चाव से खाते हैं. पालक अप्पे ऐसी ही एक रेसिपी है, जो देखने में भी अच्छी लगती है और खाने में भी कमाल की होती है. अप्पे वैसे भी साउथ इंडियन नाश्ते के रूप में काफी पसंद किए जाते हैं, लेकिन जब इनमें पालक, सब्जियां और हल्का सा मसाला मिल जाए, तो इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि पालक अप्पे ज्यादा तेल में तले नहीं जाते, इसलिए यह हेल्दी नाश्ते की लिस्ट में भी शामिल किए जा सकते हैं. इन्हें आप नारियल की चटनी, हरी धनिया की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. बच्चों के टिफिन से लेकर ऑफिस ब्रेकफास्ट तक, पालक अप्पे हर जगह फिट बैठते हैं.

पालक अप्पे बनाने के लिए क्या-क्या सामग्री चाहिए
पालक अप्पे बनाने के लिए ज्यादा लंबी-चौड़ी लिस्ट की जरूरत नहीं होती. ज्यादातर चीजें आपकी रसोई में आसानी से मिल जाती हैं.
-सूजी -1 कप
-पालक -1 गुच्छा
-दही -आधा कप
-अदरक -1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
-हरी मिर्च -1
-नमक -स्वाद के हिसाब से
-बेकिंग सोडा -1 छोटा चम्मच
-प्याज -1 (बारीक कटा हुआ)
-गाजर -1 (कद्दूकस किया हुआ)
-पानी -जरूरत के हिसाब से
-तेल -जरूरत के हिसाब से

पालक अप्पे का घोल कैसे तैयार करें
1. पालक अप्पे का स्वाद काफी हद तक इसके घोल पर टिका होता है. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही डालें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए अच्छे से मिलाएं. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. इसे ढककर करीब 10 से 15 मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए.

2. इधर पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. मिक्सी जार में पालक, हरी मिर्च और अदरक डालें और बारीक पेस्ट बना लें. अब यह पालक का पेस्ट सूजी वाले घोल में डाल दें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर और नमक डालें. चाहें तो थोड़ा सा हरा धनिया भी मिला सकते हैं. अब सब चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें. आखिर में बेकिंग सोडा डालें और हल्के हाथ से मिला दें. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा सा पानी और डाल सकते हैं.

अप्पे पैन में पालक अप्पे कैसे बनाएं
-अब अप्पे पैन को गैस पर रखकर गर्म करें. हर सांचे में थोड़ा-सा तेल डालें. चम्मच की मदद से तैयार घोल को सांचों में भर दें. गैस की आंच धीमी रखें और पैन को ढककर 2–3 मिनट तक पकने दें.

-जब नीचे की साइड हल्की सुनहरी दिखने लगे, तो अप्पे को धीरे से पलट दें. दूसरी साइड से भी 2 मिनट तक सेंक लें. जब दोनों तरफ से अप्पे अच्छे से पक जाएं, तो गैस बंद कर दें. सारे अप्पे इसी तरह तैयार कर लें.

पालक अप्पे सर्व करने के मजेदार तरीके
तैयार पालक अप्पे को आप नारियल की चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं, अगर आपको थोड़ा तीखा पसंद है, तो हरी धनिया और मिर्च की चटनी भी बढ़िया लगती है. बच्चों के लिए टमाटर की मीठी चटनी या सॉस भी अच्छा ऑप्शन है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा मक्खन लगाकर भी परोस सकते हैं.

पालक अप्पे क्यों हैं बढ़िया नाश्ता
पालक अप्पे सिर्फ स्वाद में ही अच्छे नहीं होते, बल्कि ये हल्के भी होते हैं. इनमें सब्जियां होने की वजह से पेट भी भरा रहता है और ज्यादा भारीपन महसूस नहीं होता. सर्दियों की सुबह के लिए यह एक परफेक्ट नाश्ता माना जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP