Water Paratha Recipe। बिना तेल वाले पानी के पराठे
Water Paratha Recipe: पराठे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है, लेकिन जैसे ही तेल और घी का ख्याल आता है, कई लोग खुद को रोक लेते हैं. खासकर वो लोग जो वजन कम करना चाहते हैं, फिटनेस पर ध्यान देते हैं या फिर डॉक्टर की सलाह पर कम फैट वाला खाना खाते हैं. ऐसे में मन में यही चलता रहता है कि काश पराठा बिना तेल और घी के भी उतना ही टेस्टी बन पाता, अगर आपके मन में भी यही सवाल आता है, तो अब खुश हो जाइए, क्योंकि पानी वाले पराठे आपकी इस टेंशन को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं. पानी वाले पराठे सुनने में थोड़े अजीब लग सकते हैं, लेकिन यकीन मानिए, ये जितने आसान हैं उतने ही मजेदार भी. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें न तो तेल इस्तेमाल होता है और न ही घी. सिर्फ पानी की मदद से पराठा तवे पर सिकता है और बढ़िया नरम भी बनता है. यही वजह है कि हेल्थ कॉन्शियस लोग इस रेसिपी को तेजी से अपनाने लगे हैं. आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग ऐसा खाना चाहते हैं जो झटपट बन जाए और सेहत पर भारी भी न पड़े.
पानी वाले पराठे इसी जरूरत पर बिल्कुल फिट बैठते हैं. चाहे सुबह का नाश्ता हो या हल्का डिनर, ये पराठे हर वक्त खाए जा सकते हैं. खास बात ये है कि आप इसमें अपनी पसंद की स्टफिंग भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और न्यूट्रिशन दोनों मिल जाएं, अगर आप भी पराठे से दूरी बना चुके हैं या कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो पानी वाले पराठों की ये रेसिपी जरूर पढ़िए और आज ही किचन में ट्राई करिए.
पानी वाले पराठे बनाने के लिए जरूरी चीजें
-गेहूं का आटा
-नमक स्वाद के हिसाब से
-पानी (आटा गूंथने और सेकने के लिए)
-स्टफिंग के लिए उबले आलू, गोभी या पनीर
-हरी मिर्च, अदरक, धनिया (ऑप्शनल)
पहला स्टेप: आटा गूंथना
सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा सा नमक डालें और पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें. आटा ज्यादा सख्त न रखें, वरना पराठे अच्छे से बेलेंगे नहीं. गूंथने के बाद आटे को 10 मिनट ढककर रख दें ताकि वो सेट हो जाए.
दूसरा स्टेप: स्टफिंग तैयार करना
अब स्टफिंग की बारी है. उबले आलू, गोभी या पनीर को अच्छे से मैश कर लें. इसमें स्वाद के लिए नमक, हरी मिर्च और थोड़ा सा धनिया मिला सकते हैं. ध्यान रखें कि स्टफिंग सूखी हो, वरना पराठा बेलते वक्त फट सकता है.
तीसरा स्टेप: लोई बनाना और बेलना
आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई लेकर हल्का सा बेलें, बीच में स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद कर दें. अब हल्के हाथ से स्टफ्ड लोई को गोल आकार में बेल लें.
चौथा स्टेप: पानी लगाना और तवे पर डालना
गैस पर तवा रखें और उसे तेज आंच पर गर्म होने दें. अब पराठे की एक साइड पर ब्रश या हाथ से थोड़ा सा पानी लगाएं. इसी साइड को तवे पर रखें. पानी की वजह से पराठा तवे से चिपक जाएगा, घबराएं नहीं.
पांचवां स्टेप: पराठा सेकना
जब पराठा तवे से चिपक जाए, तो समझ जाइए कि वो पकने लगा है. थोड़ी देर बाद जब नीचे की साइड सिक जाए, तो ऊपर की साइड पर भी पानी लगाएं और पराठे को पलट दें. अब दूसरी साइड भी अच्छे से सेक लें.
छठा स्टेप: परोसने का तरीका
जब पराठा दोनों तरफ से अच्छे से सिक जाए और हल्का कुरकुरा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. तैयार है आपका पानी वाला पराठा. इसे दही, हरी चटनी या फिर एक कप चाय के साथ सर्व करें.
पानी वाले पराठे क्यों हैं हेल्दी?
-इसमें तेल और घी बिल्कुल नहीं होता
-कैलोरी कम होती है
-पचाने में हल्का
-वजन कंट्रोल में मददगार
-रोज खाने के लिए बेहतर ऑप्शन
कुछ काम की टिप्स
-तवा ज्यादा पुराना या खुरदरा न हो
-पानी बहुत ज्यादा न लगाएं
-आंच तेज रखें, तभी पराठा सही से सिका जाएगा