T20 World Cup 2026: इन 5 खिलाड़ियों का हो सकता है आखिरी T20 वर्ल्ड कप, टूर्नामेंट के बाद कर सकते हैं संन्यास का ऐलान
Last Updated:
5 players who could retire from T20I after T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है. 20 टीमों के इस टूर्नामेंट के हमेशा की तरह काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है. कई टीमों का ऐलान हो चुका है, जबकि कुछ टीमों की घोषणा बाकी है. इन टीमों में युवा खिलाड़ियों और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिलेगा, लेकिन कुछ खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट उनके T20 इंटरनेशनल करियर का आखिरी पड़ाव भी साबित हो सकता है. आइए ऐसे 5 नाम जानते हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं.

आदिल रशीद ने टेस्ट क्रिकेट से लगभग संन्यास ले ही लिया है. उन्होंने आखिरी बार जनवरी 2019 में इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैच खेला था. इसके बाद से वह सिर्फ व्हाइट-बॉल (ODI और T20) क्रिकेट पर ध्यान दे रहे हैं. इंग्लैंड की टीम में रशीद की भूमिका बहुत अहम रही है. कई बार वह टीम के अकेले मुख्य स्पिनर होते हैं. T20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने तक रशीद की उम्र 38 साल हो जाएगी. अगर वह फिट रहे, तो ECB उन्हें आगे भी मौका दे सकता है. लेकिन अगर फिटनेस या फॉर्म की दिक्कत आई, तो उनकी जगह कोई युवा खिलाड़ी ले सकता है. ऐसे में संभव है कि वह टूर्नामेंट के बाद और 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले संन्यास ले लें.

मार्कस स्टोइनिस ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले वनडे क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार उन्होंने यह फैसला इसलिए लिया ताकि वह पूरी तरह T20 और फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर ध्यान दे सकें. स्टोइनिस एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देते हैं. वह मिडिल ऑर्डर में तेज रन बनाने के लिए जाने जाते हैं. माना जा रहा है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद 36 साल के स्टोइनिस इस फॉर्मेट को अलविदा कह सकते हैं.

कुसल परेरा श्रीलंका के लिए लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में एक भरोसेमंद बाएं हाथ के बल्लेबाज रहे हैं. करियर की शुरुआत में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और टीम के टॉप ऑर्डर का अहम हिस्सा बने. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन हाल के समय में उनका फॉर्म अच्छा नहीं रहा है. एशिया कप 2025 के फाइनल में 32 गेंदों पर 58 रन को छोड़ दें, तो बाकी पांच मैचों में वह 30 रन भी नहीं बना पाए. अगर T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी ऐसा ही प्रदर्शन रहा, तो उन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है. ऐसे में वह संन्यास का ऐलान कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जॉनसन चार्ल्स का वनडे टीम में वापसी करना काफी मुश्किल लगता है. उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2023 में वर्ल्ड कप क्वालिफायर के दौरान वेस्टइंडीज के लिए वनडे मैच खेला था. चयनकर्ता अब उन पर ज्यादा भरोसा नहीं दिखा रहे हैं और उनका फॉर्म भी लगातार अच्छा नहीं रहा है. CPL 2025 में उन्होंने 10 पारियों में सिर्फ 212 रन बनाए, जो काफी निराशाजनक रहा. 35 साल के जॉनसन चार्ल्स को अगर T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुना भी जाता है और वह अच्छा प्रदर्शन नहीं करते, तो टूर्नामेंट के बाद उनका इंटरनेशनल करियर खत्म हो सकता है.

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज भी इस लिस्ट में शामिल हैं. आप बुमराह का नाम सुनकर हैरान हो गए होंगे. कई लोगों के मन में सवाल उठा होगा कि बुमराह अभी 32 साल के ही हैं, वो भला क्यों संन्यास लेंगे. दरअसल, वर्कलोड मैनेज करने के चलते बुमराह इस फॉर्मेट से संन्यास ले सकते हैं. बुमराह वनडे और टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं. ऐसे में अगर भारत टी20 वर्ल्ड कप जीतता है तो अपने चोटों के इतिहास को देखते हुए बुमराह यह फैसला ले सकते हैं. बता दें कि बुमराह रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे.