Gud Til Papdi Recipe। गुड़ तिल पापड़ी रेसिपी
Gud Til Papdi Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही खाने-पीने की आदतों में अपने आप बदलाव आने लगता है. इस समय शरीर को ज्यादा ऊर्जा और गर्माहट की जरूरत होती है, इसलिए पारंपरिक मिठाइयों की याद सबसे पहले आती है. भारत में ठंड के मौसम का नाम आते ही गुड़ और तिल की खुशबू मन को भा जाती है. यही वजह है कि इस मौसम में घर-घर में तिल और गुड़ से बनी चीजें बनाई जाती हैं. गुड़ तिल पापड़ी भी उन्हीं खास मिठाइयों में से एक है, जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. बाजार में मिलने वाली पापड़ी भले ही देखने में अच्छी लगे, लेकिन घर पर बनी पापड़ी का स्वाद और शुद्धता अलग ही होती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना ज्यादा मुश्किल भी नहीं है और इसमें बहुत कम सामग्री लगती है.
अगर आपके घर में बच्चे हैं तो यह मिठाई उन्हें जरूर पसंद आएगी. क्रंची टेक्सचर, गुड़ की मिठास और तिल की खुशबू इसे खास बना देती है. आज हम आपको ऐसी आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिससे आप घर पर बिल्कुल बाजार जैसी कुरकुरी गुड़ तिल पापड़ी बना सकते हैं, वो भी बिना किसी झंझट के.
गुड़ तिल पापड़ी क्यों है खास
-सर्दियों के मौसम के लिए सही मिठाई
-शरीर को गर्म रखने में मददगार
-बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आती है
-कम सामग्री में जल्दी तैयार
-लंबे समय तक खराब नहीं होती
गुड़ तिल पापड़ी बनाने की सामग्री
-¼ कप तिल
-1 छोटा चम्मच देसी घी
-¼ कप गुड़ (क्रश किया हुआ)
-पिस्ता (बारीक कटा हुआ)
गुड़ तिल पापड़ी बनाने की विधि
स्टेप 1
सबसे पहले एक मोटी तली के पैन को गैस पर रखें और धीमी आंच पर तिल डालकर भून लें. तिल हल्के सुनहरे हो जाएं और खुशबू आने लगे, तब गैस बंद कर दें.
स्टेप 2
भुने हुए तिल को एक प्लेट में निकाल लें और पूरी तरह ठंडा होने दें.
स्टेप 3
अब उसी पैन में देसी घी डालें और उसे हल्का गर्म होने दें. इसके बाद क्रश किया हुआ गुड़ डालें और मध्यम आंच पर चलाते हुए पकाएं.
स्टेप 4
जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए और उसमें बुलबुले आने लगें, तब समझ लें कि गुड़ तैयार है. इसमें ज्यादा देर तक पकाने की जरूरत नहीं होती.
स्टेप 5
अब तुरंत इसमें भुने हुए तिल डालें और अच्छे से मिलाएं, ताकि तिल और गुड़ आपस में अच्छी तरह मिल जाएं.
स्टेप 6
सिलिकॉन मैट या पार्चमेंट पेपर पर हल्का सा घी लगाएं. मिश्रण को पेपर के आधे हिस्से पर फैलाएं और ऊपर से कटे हुए पिस्ते डाल दें.
स्टेप 7
अब पेपर के बचे हुए हिस्से को ऊपर से पलट दें और बेलन की मदद से जल्दी-जल्दी पतली पापड़ी बेल लें. मोटाई रोटी जैसी रखें.
स्टेप 8
पेपर हटाएं और पापड़ी को कुछ देर हवा में ठंडा होने दें. ठंडी होते ही यह सख्त और क्रंची हो जाएगी.
परोसने और रखने के टिप्स
-पापड़ी को ठंडा होने के बाद टुकड़ों में तोड़ लें
-एयरटाइट डिब्बे में रखें
-10 से 12 दिन तक आसानी से चल जाती है
-बच्चों के टिफिन में भी दे सकते हैं