India u19 eyes on series wins: सूर्यवंशी एंड कंपनी की नजर सीरीज जीतने पर… WC से पहले इतिहास रचने की बारी
नई दिल्ली. वैभव सूर्यवंशी एंड कंपनी साउथ अफ्रीका के खिलाफ सोमवार को दूसरा यूथ वनडे मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. अंडर 19 वर्ल्ड कप से पहले वैभव सूर्यवंशी सीरीज जीतकर अपने नाम बड़ी उपलब्धि हासिल करना चाहेंगे. वह पहली बार अंडर 19 टीम की अगुआई कर रहे हैं. वर्ल्ड कप से पहले भारतीय खिलाड़ियों को इस सीरीज के जरिए खुद को तैयार करने का मौका मिला. पहले मैच में वैभव का बल्ला खामोश रहा लेकिन दूसरे मैच में वह बड़ी पारी खेलने के इरादे से उतरेंगे. वैभव से इस सीरीज में काफी उम्मीदें हैं. इससे पहले उन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे पर खूब रन बनाए थे. वैभव से वर्ल्ड कप में भी उम्मीदें रहेंगी जिसका आयोजन जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से होगा.
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) पहले वनडे में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे. उनके बल्ले से 12 गेंदों पर 11 रन निकले थे.इसके बाद भी भारत ने 300 का स्कोर बनाया था. बारिश से प्रभावित पहले मैच में भारतीय टीम ने डकवर्थ लुइस नियम से पहले वनडे को 25 रनों से जीता था. वैभव पहली बार साउथ अफ्रीका के दौरे पर गए हैं. पहले मैच में वैभव सहित टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद हरवंश पंगालिया और आरएस अंबरीश ने मोर्चा संभाला. पंगालिया ने जहां 95 गेंदों पर 93 रन की पारी खेली वहीं अंबरीश ने 65 रन का योगदान दिया.
भारत का वर्ल्ड कप में 15 को है अमेरिका से सामना
इंडिया अंडर 19 टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का आखिरी वनडे मैच 7 जनवरी को खेलेगी. इसके बाद भारतीय टीम वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुट जाएगी. टीम इंडिया वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगी. इसके बाद वह लीग में अपना दूसरा मैच 17 जनवरी को बांग्लादेश से खेलेगी. 24 जनवरी को भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा.
इंडिया अंडर 19 टीम:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज, हरवंश पंगालिया, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, आरएस अंबरीश, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, मोहम्मद एनान, राहुल कुमार, उधव मोहन, युवराज गोहिल।
दक्षिण अफ्रीका अंडर 19 टीम:
जोरिच वान शल्कविक, अदनान लागाडियन, मुहम्मद बुलबुलिया (विकेटकीपर/कप्तान), जेसन राउल्स, अरमान मनैक, पॉल जेम्स, डेनियल बोसमैन, बैंडिले मबाथा, एनटांडो सोनी, जे जे बैसन, बयांदा माजोला, कॉर्न बोथा, माइकल क्रुइस्कैंप, लेथाबो फाहलामोहलाका, एनाथी किट्सिनी.