Fake ticket inspector arrested in Samastipur train with illegal collection
Last Updated:
Samastipur Railway News:समस्तीपुर मंडल में हर्षवर्धन भारद्वाज उर्फ चुलबुल ने फर्जी टिकट जांच कर यात्रियों से अवैध वसूली कर रहा था. गाड़ी संख्या 17006 से बरौनी गए टिकट निरीक्षक जब वापसी में थे, उसी दौरान उन्हें यात्रियों से शिकायत मिली कि गाड़ी संख्या 12578 के सामान्य कोच में एक अनजान व्यक्ति टिकट चेक कर रहा है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टिकट निरीक्षक तुरंत संबंधित कोच में पहुंचे.RPF ने समस्तीपुर स्टेशन पर पकड़ा और GRP को सौंपा. रेल प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की.

समस्तीपुर: बिहार में फर्जी आईपीएस और फर्जी पुलिस की घटनाओं के बाद अब रेल में फर्जी टिकट जांच करने वाले व्यक्ति का मामला सामने आया है, जिसने यात्रियों को हैरान कर दिया. समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत रविवार को चलती ट्रेन में एक व्यक्ति खुद को टिकट जांच स्टाफ बताकर यात्रियों से टिकट मांग रहा था. इतना ही नहीं, टिकट न होने की स्थिति में वह यात्रियों से अवैध रूप से पैसे की मांग भी कर रहा था. यह मामला तब उजागर हुआ जब यात्रियों ने उसकी गतिविधियों पर शक जताते हुए असली ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक को इसकी सूचना दी. देखते ही देखते यह घटना चर्चा का विषय बन गई और रेल प्रशासन की सतर्कता भी सामने आई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 17006 से बरौनी गए टिकट निरीक्षक जब वापसी में थे, उसी दौरान उन्हें यात्रियों से शिकायत मिली कि गाड़ी संख्या 12578 के सामान्य कोच में एक अनजान व्यक्ति टिकट चेक कर रहा है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टिकट निरीक्षक तुरंत संबंधित कोच में पहुंचे. वहां देखा गया कि उक्त व्यक्ति यात्रियों से टिकट मांग रहा है और खुद को रेलवे का कर्मचारी बता रहा है. पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम हर्षवर्धन भारद्वाज उर्फ चुलबुल, उम्र करीब 43 वर्ष, पिता स्वर्गीय रामाशीष सिंह, निवासी तेघड़ा, जिला बेगूसराय बताया. जब उससे टिकट जांच से संबंधित पहचान पत्र और अधिकार पत्र मांगा गया, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
पूछताछ में आरोपी ने अनधिकृत रूप से टिकट जांच करने की बात स्वीकार कर ली. इसी दौरान ट्रेन समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और RPF CIB की टीम को बुलाया गया. सुरक्षा बलों ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे पुलिस (GRP), समस्तीपुर को सौंप दिया. रेल प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा टिकट जांच या अवैध वसूली की कोशिश किए जाने पर तुरंत ऑन-ड्यूटी टीटीई, आरपीएफ या जीआरपी को सूचना दें. समय रहते सूचना मिलने पर इस तरह की ठगी और अपराध पर सख्ती से रोक लगाई जा सकती है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें