Police and administration in Chandauli are cracking down on Chinese kite string the Mughalsarai Circle Officer has made this appeal to youngsters and shopkeepers
Last Updated:
Chandauli Latest News : चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. राहगीरों के घायल होने और जान जाने की घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है. सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में बिक्री और उपयोग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
चंदौली: यूपी के चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. लोगों के घायल होने और जान गंवाने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. इसी को लेकर मुगलसराय के सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
मुगलसराय में चल रहा सघन चेकिंग अभियान
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा के निर्देशन में पुलिस द्वारा गलियों, बाजारों और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का उद्देश्य चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और इसके इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाना है. पुलिस की टीमें लगातार दुकानों और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं.
दोषियों पर हो रही सख्त कानूनी कार्रवाई
अभियान के तहत यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचते या उसका उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बेहद खतरनाक है चाइनीज मांझा
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक है. इसके कारण कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कुछ मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है. उन्होंने कहा कि यह मांझा न केवल आम लोगों और राहगीरों के लिए बल्कि पशु और पक्षियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है.
पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश
सीओ शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरतने को कहा गया है. सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें. यदि कहीं भी इसकी बिक्री या उपयोग की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. जनसहयोग से ही इस खतरनाक प्रवृत्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है.
घायलों की बढ़ती संख्या से बढ़ी चिंता
बीते दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 के शुरुआती दिनों में ही जिले के विभिन्न इलाकों में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. कई मामलों में राह चलते लोगों की गर्दन, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. पतंगबाजी के दौरान पतंग काटने की होड़ में लोग चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह जानलेवा धागा राहगीरों और पक्षियों के लिए काल बनता जा रहा है. कई पक्षी भी इसकी चपेट में आकर घायल हो चुके हैं या उनकी मौत हो चुकी है.
थाना प्रभारियों को दिए गए सख्त निर्देश
मुगलसराय सीओ ने अलीनगर, बबुरी और मुगलसराय थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान चलाएं. दुकानों पर नियमित जांच की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई हो. पुलिस प्रशासन ने कहा है कि लोग पतंगबाजी का आनंद जरूर लें, लेकिन केवल सूती धागे का ही प्रयोग करें. चाइनीज मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है और इससे जान का खतरा बना रहता है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मुनादी और नोटिस जारी करने के बावजूद जो दुकानदार अवैध चाइनीज मांझा बेचते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा.