Khoba Roti Recipe। खोबा रोटी घर पर बनाने की विधि

Share to your loved once


Khoba Roti Recipe: राजस्थान के खाने-पीने की बात हो और दाल-बाटी-चूरमा का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता, लेकिन इस लिस्ट में एक और व्यंजन का नाम बड़े आदर से लिया जाता है, और वह है ‘खोबा रोटी’. दिखने में यह रोटी जितनी क्रिएटिव लगती है, स्वाद में उतनी ही लाजवाब और पौष्टिक होती है. अकसर लोग इसे बनाने को मुश्किल मानते हैं, लेकिन अगर सही तरीका पता हो तो यह बेहद आसान बन जाती है. यूट्यूबर पूनम देवनानी ने इस रोटी को घर पर बनाने का एक आसान और बिल्कुल पारंपरिक तरीका बताया है. पूनम की रेसिपी में न सिर्फ आटा गूंथने का सही तरीका बताया गया है, बल्कि रोटी बेलने, डिजाइन बनाने और उसे सेंकने के प्रोसेस को भी बेहद सरल तरीके से समझाया गया है. खास बात यह है कि इस विधि में ज्यादा समय नहीं लगता और हर कोई इसे घर पर आसानी से ट्राई कर सकता है. इस आर्टिकल में हम आपको वही तरीका बताएंगे जिससे आप घर पर ही राजस्थान जैसी खस्ता और स्वादिष्ट खोबा रोटी बना सकते हैं.

खास सामग्री और आटे का मिश्रण
खोबा रोटी का असली स्वाद उसके आटे में छिपे मसालों और घी में होता है. पूनम के अनुसार, 4 कप गेहूं के आटे में आधा चम्मच सौंफ पाउडर, आधा चम्मच अजवाइन, नमक और 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर डालें. हल्दी रोटी को सुनहरा रंग देती है, जबकि सौंफ और अजवाइन इसे सुपाच्य और खुशबूदार बनाते हैं. इसके साथ 1/4 कप घी मिलाएं. घी का मोयन रोटी को खस्ता और मज़ेदार बनाता है.

आटा गूंथने का तरीका
खोबा रोटी के लिए आटा न बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत नरम. पूनम बताती हैं कि थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटे को नरम और लचीला बनाएं. आटा गूंथने के बाद इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे मसाले और घी अच्छी तरह से मिल जाते हैं और रोटी बेलते समय किनारे फटने का डर नहीं रहता.

रोटी बेलना और ‘छेद’ बनाने की प्रोसेस
खोबा रोटी सामान्य चपाती से मोटी होती है, इसलिए एक बड़ी लोई लें. बेलते समय मोटाई लगभग आधा इंच रखें. बेलने के बाद चाकू या कांटे से हल्के-हल्के छेद करें. यह तरीका रोटी को अंदर तक अच्छे से पकने में मदद करता है और बीच में से फूलने नहीं देता. इसका टेक्सचर बिस्किट जैसा कुरकुरा होता है.

पारंपरिक डिजाइन बनाने की कला
तवे पर थोड़ा तेल या घी लगाएं और रोटी डालें. जब रोटी एक तरफ हल्की पक जाए, तो पलट दें. अब आंच धीमी कर दें और उंगलियों की मदद से रोटी की ऊपरी सतह पर छोटे-छोटे पिंच बनाएं. ये पिंच न केवल सुंदर दिखते हैं, बल्कि घी को भीतर तक सोखने में भी मदद करते हैं.

सेंकने का सही तरीका
डिजाइन बन जाने के बाद रोटी को दोनों तरफ धीमी आंच पर तब तक सेकें जब तक सुनहरी और खस्ता न हो जाए. पारंपरिक रूप से इसे सीधे आंच पर हल्का सेंका भी जाता है. पकने के बाद रोटी को तवे से उतारें और गड्ढों में शुद्ध देसी घी डालें. घी रोटी के भीतर समा जाता है, जिससे स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

सर्व करने के सुझाव
खोबा रोटी को गरमागरम परोसें. इसे दाल, सब्जी या घी के साथ खाया जा सकता है. इसका कुरकुरा टेक्सचर और घी का स्वाद इसे बच्चों और बड़ों दोनों के बीच लोकप्रिय बनाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP