Ruturaj Gaikwad: पिछले वनडे में ठोका शतक, फिर इस स्टार बल्लेबाज को सेलेक्टर्स ने क्यों कर दिया बाहर? कहां हो गई गलती
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की पिछली वनडे सीरीज के कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें इस टीम से बाहर रखा गया है. इन्हीं में एक वो स्टार भी है, जिसने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा था. बावजूद इसके आगामी सीरीज के लिए टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया. दरअसल, हम यहां बात कर रहे हैं रुतुराज गायकवाड़ की. रुतुराज गायकवाड़ को टीम से बाहर करने को लेकर फैंस सेलेक्टर्स पर भड़के हुए हैं. फैंस सेलेक्टर्स के इस फैसले को रुतुराज के साथ भेदभाव बता रहे हैं. चलिए हम समझने की कोशिश करते हैं कि पिछले वनडे में शतक जड़ने के बाद भी रुतुराज की टीम से छुट्टी क्यों हो गई?
शतक ठोकने के बाद भी बाहर रुतुराज
तीन दिसंबर को रायपुर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में रुतुराज गायकवाड़ ने इस फॉर्मेट में अपने करियर का पहला शतक ठोका था. इसके बाद उनकी वनडे टीम में जगह लगभग तय मानी जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. महीनेभर के अंदर उनकी टीम से छुट्टी कर दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हुआ तो स्क्वॉड में उनका नाम न देखकर हर किसी को हैरानी हुई. लगातार रन बनाने के बाद साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए रुतुराज गायकवाड़ की दो साल भारतीय टीम में वापसी हुई थी.
रुतुराज गायकवाड़ को क्यों किया गया बाहर?
दरअसल, रुतुराज के लिए मौका तब बना था, जब साउथ अफ्रीका सीरीज से शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोट के कारण बाहर हो गए थे. शुभमन को गर्दन में चोट लगी थी, जबकि श्रेयस की तिल्ली में चोट आई थी. 28 साल के रुतुराज नंबर 1 से 4 तक कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं. उन्हें श्रेयस की जगह टीम में शामिल किया गया. वहीं, शुभमन की जगह यशस्वी जायसवाल को मौका मिला. पहले मैच में जायसवाल ने 18 रन बनाए, जबकि ऋतुराज सिर्फ 8 रन ही बना सके. दोनों ही खिलाड़ी एक ही बैकअप जगह के लिए लड़ रहे थे, क्योंकि शुभमन और श्रेयस के लौटने के बाद किसी एक को बाहर होना तय था.
दूसरे मैच में रुतुराज ने शानदार वापसी करते हुए 105 रन की पारी खेली, जबकि जायसवाल सिर्फ 22 रन बना पाए. इससे रुतुराज ने बढ़त बना ली. वह भारत को वही संतुलन दे रहे थे, जो कभी केएल राहुल दिया करते थे. हालांकि, जायसवाल में ज्यादा बड़ी पारी खेलने की क्षमता मानी जाती है. आखिरी मैच में जायसवाल ने नाबाद शतक लगाकर खुद को साबित कर दिया.
क्यों बाहर हुए रुतुराज?
अब जब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए वनडे टीम का ऐलान हुआ तो बीसीसीआई ने शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी कराई. इस वजह से रुतुराज के साथ ध्रुव जुरेल और तिलक वर्मा को भी टीम से बाहर होना पड़ा. अब रुतुराज को फिर से इंतजार करना होगा. शायद रोहित शर्मा या विराट कोहली के बाहर होने पर उन्हें मौका मिले. लेकिन तब भी वापसी आसान नहीं होगी. यशस्वी जायसवाल आगे चलकर रोहित की जगह ले सकते हैं और देवदत्त पडिक्कल भी काफी समय से वनडे टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं. यही भारतीय क्रिकेट की हकीकत है. यहां कभी-कभी एक शतक भी टीम में जगह की गारंटी नहीं देता.
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल.
नोट: श्रेयस अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई के फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी.