India vs Bangladesh cricket schedule: इधर बांग्लादेशी क्रिकेटर पर बवाल, उधर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने जारी कर दिया भारत दौरे का शेड्यूल
Last Updated:
IND vs BAN Cricket Schedule: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के साथ वनडे और टी20 सीरीज के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है. बीसीबी का कहना है कि दोनों बोर्ड की सहमति के बाद ही उसने तारीखों का ऐलान किया है. इसका मतलब है कि भारतीय टीम अगस्त- सितंबर में बांग्लादेश का दौरा करेगी. हालांकि दोनों देशों के बीच मौजूदा हालात ठीक नहीं हैं और बांग्लादेश में लगातार हिंदूओं को निशाना बनाया जा रहा है. पिछले 15 दिन में दीपू चंद्र दास सहित 4 हिंदुओं की हत्या कर दी गई है.
भारतीय टीम 3 वनडे और तीन टी20 मैच खेलने के लिए बांग्लादेश जाएगी . नई दिल्ली. बांग्लादेश में एक ओर जहां हिंदुओं पर हमला किया जा रहा है, तो दूसरी ओर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को भारत के साथ सीरीज के नए शेड्यूल का ऐलान किया. मौजूदा हालात में बांग्लादेश में स्थिर सरकार नहीं होने के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि बीसीसीआई इस दौरे के लिए सहमति देगा या नहीं. बीसीबी द्वारा जारी मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार वनडे मुकाबले एक, तीन और छह सितंबर को खेले जाएंगे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच नौ, 12 और 13 सितंबर को होंगे. भारतीय टीम सीमित ओवरों की इस सीरीज के लिए 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचेगी.
भारत का पिछले साल जुलाई में बांग्लादेश का दौरा अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया गया था और छह मैचों की सफेद गेंद की सीरीज को एक साल से अधिक समय के लिए टाल दिया गया था. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने पिछले जुलाई जारी अपने बयान में कहा था, ‘बीसीबी और बीसीसीआई ने आपसी सहमति से अगस्त 2025 में प्रस्तावित बांग्लादेश और भारत के बीच तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सफेद गेंद की सीरीज को सितंबर 2026 तक स्थगित करने का निर्णय लिया है.’
यह फैसला दोनों बोर्ड के बीच चर्चा के बाद लिया गया है
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की ओर से बयान में आगे कहा गया, ‘यह फैसला दोनों बोर्ड के बीच चर्चा के बाद लिया गया है जिसमें दोनों टीम की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतिबद्धताओं और कार्यक्रम की सुविधा को ध्यान में रखा गया है.’ बीसीसीआई ने कहा, ‘बीसीबी सितंबर 2026 में इस सीरीज के लिए भारत का स्वागत करना चाहता है. दौरे की संशोधित तारीख और कार्यक्रम की घोषणा समय आने पर की जाएगी.’
‘मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करो’
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के साथ हो रही हिंसा और लिंचिंग की घटनाओं पर भारत में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. पिछले 15 दिनों में दीपू चंद्र दास सहित 4 हिंदुओं को मार दिया गया है. हाल के दिनों में सामने आई भयावह तस्वीरों ने भारतीय लोगों में भारी रोष पैदा कर दिया है. इसके विरोध में भारत के कई प्रमुख धार्मिक और राजनीतिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है. ऐसा ही एक विरोध आईपीएल की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए किया जा रहा है. केकेआर की टीम ने हाल ही में हुए आईपीएल 2026 के लिए बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम में शामिल किया है. केकेआर ने रहमान को ऑक्शन में 9 करोड़ 20 लाख की बड़ी रकम पर खरीदा है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि रहमान का आईपीएल में खेलना संदिग्ध है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें