Recipe: बथुआ साग की रस वाली सब्जी, चावल और चोखा के साथ चाव से खाते लोग, स्वाद और सेहत का अनोखा संगम
Last Updated:
सर्दियों में मिथिलांचल की पसंदीदा ‘बथुआ साग की रस वाली सब्जी’ स्वाद और सेहत का बेजोड़ संगम है. विटामिन और आयरन से भरपूर यह साग पाचन और रक्त शुद्धि में सहायक होता है. इसे पारंपरिक तरीके से उबालकर और मसालों के साथ पकाकर चावल-चोखा के साथ बड़े चाव से खाया जाता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बनाना बेहद आसान है.
दरभंगा: सर्दियों के मौसम में मिथिलांचल की रसोई में बथुआ के साग का एक खास स्थान है. रबी के सीजन में गेहूं और मसूर के खेतों में प्राकृतिक रूप से उगने वाला यह साग न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पोषक तत्वों का पावरहाउस भी माना जाता है. बथुआ में विटामिन ए, सी और ई के साथ-साथ आयरन और कैल्शियम जैसे महत्वपूर्ण खनिज प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत करने और रक्त को शुद्ध करने में सहायक होते हैं. आज हम आपको बताने जा रहे हैं इसे बनाने का वह पारंपरिक घरेलू तरीका, जिससे आप बथुआ की रस वाली सब्जी का लुत्फ उठा सकते हैं.
नोट करें रेसिपी
बथुआ का रस या सब्जी तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजे साग को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. इसे कुकर में एक गिलास पानी और थोड़ा नमक डालकर 3-4 सीटी आने तक पकाएं, ताकि साग अच्छी तरह गल जाए. उबलने के बाद साग को ठंडा कर लें और फिर मिक्सी जार में पीसकर एक महीन पेस्ट तैयार कर लें. असली स्वाद इसके तड़के और मसालों के सही संतुलन में छिपा होता है. इसके लिए एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और उसमें तेजपत्ता, सूखी मिर्च, अजवाइन, कटी हुई हरी मिर्च और लहसुन की कलियों का छौंक लगाएं. इन मसालों की खुशबू आते ही इसमें कटा हुआ टमाटर डालें और साथ में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाकर अच्छी तरह भूनें.
चावल और चोखा के साथ खाते लोग
जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें पिसा हुआ बथुआ का पेस्ट डालें और कुछ देर तक मसालों के साथ फ्राई करें. इस सब्जी की खासियत इसका ‘रस’ (ग्रेवी) है. बेहतर स्वाद के लिए आप इसमें साधारण पानी की जगह ‘मार’ (चावल का मांड) का उपयोग कर सकते हैं, जो इसे और अधिक गाढ़ा और पौष्टिक बनाता है. कुछ देर उबालने के बाद जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तो इसे गैस से उतार लें. मिथिलांचल में इस गरमा-गरम बथुआ के रस को चावल और चोखा के साथ बड़े चाव से खाया जाता है. यह रेसिपी न केवल आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाएगी बल्कि सर्दियों में शरीर को आवश्यक ऊर्जा भी प्रदान करेगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.