दिल्ली पुलिस ने CEIR पोर्टल से 515 गुम मोबाइल फोन बरामद किए
Last Updated:
दिल्ली पुलिस ने 2025 में CEIR पोर्टल की मदद से 515 गुम मोबाइल फोन रिकवर किए, जिनमें से 399 असली मालिकों को लौटाए गए. पुलिस ने डिजिटल सतर्कता का संदेश भी दिया.

Delhi Crime News: अक्सर राजधानी में मोबाइल चोरी या गुम हो जाना आम बात मानी जाती है. ऐसे मामलों में लोग उम्मीद छोड़ देते हैं कि उनका फोन कभी वापस मिलेगा. लेकिन साल 2025 के अंत में दिल्ली पुलिस ने यह साबित कर दिया कि तकनीक और सतर्कता के सहारे खोई चीजें भी वापस लौट सकती हैं.
दिल्ली पुलिस के न्यू दिल्ली जिला ने अप्रैल 2025 से एक विशेष अभियान शुरू किया. इस दौरान स्पेशल स्टाफ और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने लगातार तकनीकी निगरानी की. Central Equipment Identity Register यानी CEIR पोर्टल की मदद से गुम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई. यही नहीं. कई फोन दिल्ली के बाहर अन्य राज्यों तक पहुंचे हुए थे. पुलिस टीमों ने वहां तक समन्वय कर फोन बरामद किए.
अब तक 515 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक रिकवर किए जा चुके हैं. इनमें से 399 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे जा चुके हैं. बाकी मोबाइल फोन लौटाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. आने वाले दिनों में सौ से ज्यादा परिवारों के चेहरे पर भी मुस्कान लौटने वाली है.
मोबाइल फोन आज केवल बातचीत का साधन नहीं रह गए हैं. इनमें बैंकिंग. निजी तस्वीरें. दस्तावेज और डिजिटल पहचान जुड़ी होती है. ऐसे में फोन का खो जाना किसी बड़े सदमे से कम नहीं होता. पुलिस द्वारा मोबाइल लौटाए जाने पर कई लोगों की आंखें नम हो गईं. लोगों ने इसे नए साल से पहले सबसे बड़ा तोहफा बताया.
दिल्ली पुलिस ने इस मौके पर नागरिकों को डिजिटल सतर्कता का संदेश भी दिया. पुलिस ने साफ कहा कि मोबाइल गुम होते ही तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं. CEIR पोर्टल पर जाकर सिम और IMEI नंबर ब्लॉक करें. इससे फोन के गलत इस्तेमाल को रोका जा सकता है और रिकवरी तेज होती है.
पुलिस ने साइबर ठगों से भी सतर्क रहने की चेतावनी दी. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस कभी भी OTP या फोन लौटाने के बदले पैसे नहीं मांगती. अगर कोई कूरियर फीस या पैसे की मांग करता है तो वह पूरी तरह से धोखाधड़ी है.
न्यू दिल्ली जिला पुलिस ने भरोसा दिलाया कि 2026 में भी सड़क अपराध और साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साल के आखिरी दिन पुलिस की यह कामयाबी आम नागरिकों के लिए भरोसे और सुरक्षा का संदेश बनकर सामने आई है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें