Tips and Tricks : गमले में उगानी है रंग-बिरंगी शिमला मिर्च? ये ट्रिक आएगी काम, पड़ोसी पूछेंगे उगाने का तरीका – Uttar Pradesh News
Last Updated:
Capsicum farming at home : शिमला मिर्च एक ऐसी सब्जी है, जिसकी मांग अधिक रहती है. स्वाद और रंग आकर्षक होने के साथ-साथ ये खाने में भी काफी काफी पौष्टिक होती है. इसे आप भी बाजार से खरीदते होंगे, लेकिन अगर आप चाहें तो इसे घर पर भी आराम से उगा सकते हैं. आज हम इसे घर पर उगाने के तरीकों के बारे में बताएंगे. अगर आप अपनी छत, बालकनी या आंगन में होम गार्डनिंग करते हैं तो शिमला मिर्च को घर पर ही ऑर्गेनिक तरीके से उगा सकते हैं.

शिमला मिर्च एक ऐसी सब्जी है, जिसकी मांग बाजार में हमेशा बनी रहती है क्योंकि यह न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि सब्जी, सलाद, नूडल्स, पिज्जा और कई व्यंजनों में इसका इस्तेमाल किया जाता है. आजकल बाजार में मिलने वाली शिमला मिर्च में ज्यादा केमिकल और कीटनाशकों का प्रयोग किया जाने लगा है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक है. ऐसे में अगर आप अपनी छत, बालकनी या आंगन में होम गार्डनिंग करते हैं तो शिमला मिर्च को घर पर ही ऑर्गेनिक तरीके से उगा सकते हैं.

बाराबंकी के जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार लोकल 18 से बताते हैं कि शिमला मिर्च ऐसी सब्जी है जो स्वाद और पोषण दोनों के लिए खास मानी जाती है. शिमला मिर्च की खेती ज्यादातर पाली हाउस में की जाती है. लोग अपने घर के गमले, बालकनी और गार्डन में भी उगा सकते हैं. इसमें न तो ज्यादा जगह की जरूरत होती है न किसी खास तकनीकी की. आप इसे छोटे से गमले में भी उगा सकते हैं.

शिमला मिर्च को ठंडे या गर्म वातावरण में आसानी से उगाया जा सकता है, लेकिन दोनों ही कंडीशन में ध्यान रखें कि शिमला मिर्च के पौधों को उगने के लिए पूर्ण या आंशिक धूप की जरूरत होती है. इसलिए इन्हें लगाने के लिए ऐसी जगह चुनें, जहां पौधों को रोजाना सही से धूप मिल सके.
Add News18 as
Preferred Source on Google

शिमला मिर्च उगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करना बहुत जरूरी होता है. इसके लिए आप 10-12 इंच गहरा और चौड़ा गमला ले सकते हैं. पानी निकलने के लिए गमले के नीचे छेद जरूर करें.

शिमला मिर्च लगाने के लिए उपजाऊ मिट्टी की जरूरत होती है. आप इसमें बगीचे की मिट्टी के साथ-साथ गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट भी मिला सकते हैं. ये मिट्टी पौधे की अच्छी ग्रोथ में मदद करती है.

अब आप गमले में शिमला मिर्च लगा सकते हैं. इसके लिए आप किसी नर्सरी से सीधे पौधा खरीद सकते हैं, जिसमें ज्यादा मेहनत नहीं लगती है. आप इसके बीज भी गमले में लगा सकते हैं. हालांकि, बीज से पौधा बनने में करीब 15 दिन का समय लग सकता है.

शिमला मिर्च के पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है. रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप पौधे के लिए जरूरी है. पौधे को पर्याप्त मात्रा में पानी भी चाहिए होता है. हालांकि, पानी देते समय इस बात का ध्यान रखें कि ज्यादा पानी के कारण इसकी जड़ें सड़ सकती हैं. आप सप्ताह में एक बार जैविक खाद भी जरूर डालें, जिससे पौधा हरा-भरा बना रहता है.

पौधा लगाने के 60–70 दिनों में शिमला मिर्च तैयार हो जाती है. एक पौधे से कई बार फल मिलते हैं. घर पर उगी शिमला मिर्च न सिर्फ ताजी और स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिए भी पूरी तरह सुरक्षित रहती है.