घर के बने नारियल लड्डू से नये साल के जश्न में घोलें मिठास! केवल 3 चीजों से झटपट तैयार, मिलावटी मिठाई को बाय-बाय – Jharkhand News
Last Updated:
Nariyal Laddu Recipe: नए साल पर मेहमानों के स्वागत के लिए बाजार की मिलावटी मिठाइयों से बेहतर हैं घर पर बने नारियल के लड्डू. कम सामग्री में बनने वाले ये लड्डू स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी है. साल की मीठी शुरुआत के लिए ये परफेक्ट ऑप्शन हैं. जानिए रेसिपी.

नया साल यानी 2026 आने में अब बस एक-दो दिन ही बचे हैं. हर कोई इस खास मौके को खुशियों और अपनों के साथ मनाने की तैयारी में जुटा है. नए साल पर लोग एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं देते हैं और रिश्तों में मिठास घोलते हैं. इस दौरान घरों में मेहमानों का आना-जाना लगा रहता है. इसलिए उनके स्वागत की तैयारियां भी खास होती हैं.

ऐसे में घर की महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चिंता यह होती है कि मेहमानों के स्वागत के लिए कौन-सी मिठाई बनाई जाए, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हो. बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं.

इसी को ध्यान में रखते हुए घर पर बनी मिठाइयां सबसे बेहतर विकल्प मानी जाती हैं. खासतौर पर गांव या कस्बों में रहने वाले लोग आसानी से उपलब्ध सामग्रियों से स्वादिष्ट मिठाई तैयार कर सकते हैं. नारियल के लड्डू ऐसे ही एक सरल, स्वादिष्ट और पौष्टिक विकल्प हैं, जिन्हें नए साल के मौके पर बना सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

नारियल के लड्डू बनाने के लिए इन कुछ सामग्री की जरूरत होती है. इसके लिए मुख्य रूप से कद्दूकस किया हुआ नारियल, दूध, इलायची पाउडर, सूखा नारियल और मनपसंद ड्राई फ्रूट्स, घी, चीनी, की जरूरत होती है. कम सामग्री में बनने वाली यह मिठाई हर उम्र के लोगों को पसंद आती है.

एक साफ कढ़ाही लें और उसे गैस पर रखें. इसमें कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल, दूध और थोड़ी सी चीनी मिठास के लिए डालें. गैस की आंच धीमी रखें और मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि यह नीचे से जले नहीं और कढ़ाही में चिपके नहीं.

कुछ ही मिनटों में नारियल और दूध आपस में अच्छी तरह मिलकर गाढ़ा होने लगता है. जब मिश्रण कढ़ाही छोड़ने लगे और एक साथ इकट्ठा दिखाई दे, तब इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे लड्डुओं में खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाता है.

इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को हल्का ठंडा होने के लिए रख दें. जब मिश्रण गुनगुना रह जाए, तब हथेलियों पर थोड़ा सा घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें. ध्यान रखें कि लड्डू ज्यादा गर्म मिश्रण से न बनाएं, ताकि हाथ न जलें.

अंत में तैयार लड्डुओं को सूखे नारियल के बुरादे या बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स से सजाएं. स्वादिष्ट, शुद्ध और सेहतमंद नारियल के लड्डू नए साल के जश्न को और भी खास बना देंगे. इन्हें परिवार और मेहमानों के साथ साझा कर नए साल की शुद्ध और मीठी शुरुआत की जा सकती है.