सर्द शामों में चाय के साथ बनाएं कुरकुरी, चटपटी गोभी की कचरी…चावल का आटा, अदरक-लहसुन का पेस्ट, शानदार रेसिपी!
दरभंगा: सर्दियों का मौसम चल रहा है और इस मौसम में गोभी की सब्जी और गोभी के पकौड़े किसे नहीं पसंद आते. खासकर जब वक्त शाम का हो और ठंडी-ठंडी हवा चल रही हो, ऐसे में गोभी के पकौड़े हर किसी को लुभाते हैं. साथ में चाय हो तो कहना ही क्या. लेकिन आज हम आपको गोभी के कुछ अलग व्यंजन बनाकर दिखाने वाले हैं, जो आपकी चाय के स्वाद को और भी ज्यादा बढ़ा देंगे और शाम को हसीन बना देंगे.
यह है गोभी की कचरी
दरअसल, हम बात कर रहे हैं गोभी कचरी की, जो आमतौर पर बनने वाली कचरी से थोड़ा-सा अलग है, लेकिन स्वाद से भरपूर है. गोभी की कचरी एक पारंपरिक उत्तर भारतीय व्यंजन है, जो सर्दियों में खासतौर पर बनाई जाती है. यह कुरकुरी, स्वादिष्ट और आसानी से बनने वाली रेसिपी है, जिसे आप चाय के साथ भी मजे से खा सकते हैं.
कचरी बनाने के लिए आपको ये आइटम चाहिए होंगे
1 कद्दूकस की हुई गोभी (फूल गोभी)- 2 चम्मच बेसन- 2 चम्मच मैदा- 2 चम्मच आटा (गेहूं का)- 1/2 चम्मच मंगरैल (अजवाइन)- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)- स्वाद अनुसार नमक- 1 चम्मच कुटे हुए लहसुन, अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट- तेल, तलने के लिए
इसे बनाना बेहद आसान है, फॉलो करें स्टेप बाय स्टेप रेसिपी
– सबसे पहले गोभी को अच्छे से धोकर कद्दूकस कर लें.
– प्याज को बारीकी से काट लें और हरी मिर्च को भी काट लें.
– एक बर्तन में बेसन, मैदा, आटा, मंगरैल, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, स्वाद अनुसार नमक और कुटे हुए लहसुन, अदरक व हरी मिर्च का पेस्ट डालें.
– इसमें थोड़ा-सा पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें.
– गैस चूल्हे पर एक कढ़ाई चढ़ाकर उसमें थोड़ा-सा तेल डालें और उसे अच्छे से गर्म होने दें.
– जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए, तो गोल-गोल गोभी की कचरी बनाकर उसमें डालें.
– कचरी को तब तक तलें, जब तक वह दोनों तरफ से लाल न हो जाए. अच्छे से फ्राई होने के बाद उसे एक बर्तन में निकालकर रखें.
– इसके बाद आप इन कचरियों को चाय के साथ खा सकते हैं या दोस्तों के साथ भी इसकी पार्टी कर सकते हैं.
टिप्स
गोभी को अच्छे से सुखा लें, वरना कचरी नरम बनेगी. आटे में थोड़ा-सा बेकिंग सोडा डालने से कचरी ज्यादा कुरकुरी बनेगी. तेल गरम होने पर ही कचरी डालें, नहीं तो वे तेल में चिपक जाएंगी. गोभी फाइबर और विटामिन सी से भरपूर होती है और बेसन प्रोटीन का अच्छा स्रोत है. बस तलने में तेल का इस्तेमाल संतुलित रखें. यह ठंड के दिनों में बहुत पसंद किया जाने वाला स्नैक है.