सतुआ बाबा के चक्कर में ना पड़ो… डिप्टी सीएम ने प्रयागराज के डीएम को लगाई फटकार
Last Updated:
माघ मेले की तैयारी की औचक निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने डीएम प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा को फटकार लगा दी. डीएम को नसीहत देते हुए कहा कि संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने डीएम को लगाई फटकार.प्रयागराजः माघ मेले की तैयारी की औचक निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने डीएम प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा को फटकार लगा दी. डीएम को नसीहत देते हुए कहा कि संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के चक्कर में न पड़ो. डिप्टी सीएम ने डीएम से जब यह कहा तो आस-पास मौजूद लोगों ने हंसी के ठहाके लगा दिए. बीते बुधवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा का खाक चौक में संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा के शिविर में चूल्हे पर रोटी बनाते हुए वीडियो जमकर वायरल हुआ था.
डीएम का वायरल हुआ था वीडियो
इस वायरल वीडियो की गूंज प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंची थी. यही वजह है कि माघ मेले की तैयारियों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम को डीएम के पेंच कसने पड़े. डिप्टी सीएम ने डीएम मनीष वर्मा को नसीहत देते हुए कहा कि सतुआ बाबा के शिविर में रोटी बनाना छोड़िए. बल्कि उन साधु संतों की ओर भी ध्यान दीजिए जिन्हें अब तक मेले में जमीन और सुविधा नहीं मिली है.
डिप्टी सीएम के औचक निरीक्षण से हड़कंप
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने माघ मेले की तैयारियों का औचक निरीक्षण किया. डिप्टी सीएम के निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप मच गया. डिप्टी सीएम सबसे पहले संगम नोज पर पहुंचे. उन्होंने गंगाजल से आचमन किया और मां गंगा की पूजा अर्चना की. माघ मेले के सकुशल और निर्विघ्न रूप से संपन्न होने की भी कामना की. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद हर माघ मेला. कुंभ और महाकुंभ मेला दिव्य और भव्य आयोजित हो रहा है.
श्रद्धालुओं से डिप्टी सीएम ने की अपील
उन्होंने कहा कि यह माघ मेला मिनी कुंभ की तर्ज पर आयोजित हो रहा है. डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था कर रही है कि यहां पर कल्पवासी आराम से एक महीने तक रहकर अपनी साधना कर सकते हैं. डिप्टी सीएम ने माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वह एक महीने कल्पवास नहीं कर सकते हैं तो यहां अल्पवास जरूर करें.
अखिलेश यादव पर केशव प्रसाद ने बोला हमला
सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा माघ मेले को लेकर एक्स पर पोस्ट किए जाने पर बोला हमला. डिप्टी सीएम ने कहा है कि बंगाल में मिली हार के बाद अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन खराब हो गया है. अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री रहे हैं. उनके शासनकाल में भी माघ मेले और कुंभ मेले का आयोजन हुआ है. इसलिए उन्हें माघ मेले और कुंभ मेले के आयोजन पर बोलने का कोई हक नहीं है.
माघ मेले का बढ़ाया गया बजट
डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल में माघ मेले के लिए 30 करोड़ का बजट स्वीकृत होता था. लेकिन आज प्रदेश सरकार ने इस बजट को बढ़ाकर 3 गुना से ज्यादा 100 करोड रुपए कर दिया है. माघ मेले में भी महाकुंभ की तर्ज पर व्यवस्थाएं की जा रही है. यहां आने वाले साधु संतों को कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी. डिप्टी सीएम ने कहा है कि मेले में चाक चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं.
About the Author
प्रशान्त राय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं. प्रशांत राय पत्रकारिता में पिछले 8 साल से एक्टिव हैं. अलग-अलग संस्थानों में काम करते हुए प्रशांत राय फिलहाल न्यूज18 हिंदी के साथ पिछले तीन …और पढ़ें