कटिहार के डूमर चौक के पेड़े का जलवा, हर महीने हो रही ₹2.5 लाख की बिक्री, NH-31 के मुसाफिर भी हैं दीवाने
Last Updated:
कटिहार के डूमर चौक पर एक खास दुकान का पेड़ा अपनी शुद्धता के लिए मशहूर है. शुद्ध दूध और चीनी से तैयार यह पेड़ा ₹350 प्रति किलो बिकता है. NH-31 पर स्थित होने के कारण मुसाफिरों के बीच इसकी भारी मांग है. जिससे हर महीने करीब ₹2.5 लाख का कारोबार होता है.
डूमर चौक के पेड़े का जलवा(फाइल फोटो)कटिहार: बिहार का कटिहार जिला अपनी विविध खान-पान संस्कृति के लिए जाना जाता है, लेकिन इन दिनों जिले के डूमर चौक पर मिलने वाले पेड़े की चर्चा हर जुबान पर है. डूमर चौक अपनी डेयरी उत्पादों के लिए पहले से ही मशहूर रहा है, लेकिन यहां स्थित अजय कुमार की दुकान के पेड़े ने स्वाद और शुद्धता के मामले में एक अलग ही कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. आलम यह है कि जो भी इस रास्ते से गुजरता है, वह यहां का पेड़ा चखे बिना आगे नहीं बढ़ता.
प्रतिदिन 2 क्विंटल दूध की खपत
दुकानदार अजय कुमार पिछले कई वर्षों से इस पारंपरिक कारोबार से जुड़े हुए हैं. उन्होंने बताया कि उनके पेड़े की खासियत इसकी सादगी और शुद्धता है. इसे तैयार करने के लिए केवल शुद्ध दूध और चीनी का उपयोग किया जाता है. गुणवत्ता बरकरार रखने के लिए अजय प्रतिदिन करीब 1 से 2 क्विंटल दूध जलाकर खोया तैयार करते हैं.
मांग इतनी अधिक है कि रोजाना 20 से 25 किलो पेड़े की बिक्री आसानी से हो जाती है. ₹350 प्रति किलो की दर से बिकने वाले इस पेड़े से अजय हर महीने लगभग ₹2.50 लाख का शानदार कारोबार कर रहे हैं.
NH-31 के यात्रियों की पहली पसंद
डूमर चौक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर स्थित है, जो इस व्यवसाय के लिए वरदान साबित हुआ है. लंबी दूरी का सफर तय करने वाले मुसाफिर अपनी थकान मिटाने के लिए यहां रुकते हैं और ताजे पेड़ों का आनंद लेते हैं. कई यात्री तो ऐसे हैं जो यहां से किलो के भाव में पेड़े पैक करवाकर दूसरे शहरों और राज्यों तक ले जाते हैं.
रिश्तेदारों में भी है खास डिमांड
दुकान पर खरीदारी कर रहे स्थानीय ग्राहक प्रमोद कुमार और सुबोधा यादव बताते हैं कि यहां का स्वाद बेमिसाल है. उन्होंने कहा कि डूमर चौक में वैसे तो कई दुकानें हैं, लेकिन अजय की दुकान का पेड़ा काफी लाजवाब और दानेदार होता है. हमारे रिश्तेदार भी अक्सर यहां के पेड़े की डिमांड करते हैं, इसलिए हम जब भी यहाँ आते हैं, घर के लिए जरूर ले जाते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.